महिला की संदिग्ध हालत में मौत, लिव-इन पार्टनर फरार
ओल्ड फरीदाबाद की फ्रेंड्स कॉलोनी में महिला की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। महिला का शव कमरे में पड़ा मिला। दरवाजा बाहर से बंद था।
जासं, फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद की फ्रेंड्स कॉलोनी में महिला की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। महिला का शव कमरे में पड़ा मिला। दरवाजा बाहर से बंद था। अनुमान है कि गला दबाकर हत्या की गई। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 38 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है। यहां वह लिव-इन पार्टनर के साथ रहती थी। महिला का भाई भी साथ रहता है। महिला, उसका लिव-इन पार्टनर व भाई तीनों सब्जी मंडी में काम करते हैं। महिला के भाई ने बताया है कि दोपहर को जब वह सब्जी मंडी से वापस आया तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था और ताला लगा था। उसे संदेह हुआ तो खिड़की से अंदर झांककर देखा। अंदर बहन अचेत पड़ी नजर आई। इसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने ताला तोड़कर दरवाजा खोला। अंदर फर्श पर महिला का शव पड़ा था। उसके गले पर निशान थे। पुलिस का अनुमान है कि लिव-इन पार्टनर हत्या के बाद फरार हो गया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवाया है। क्राइम ब्रांच व थाने की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं।