विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में 23 अक्टूबर से सजेगा सूरजकुंड दीवाली मेला, सीएम नायब सैनी करेंगे शुभारंभ; तैयारी हुई तेज

Published: Fri, 16 Oct 2026 05:21 PM (IST)

फरीदाबाद में 23 से 26 अक्टूबर तक होने वाले सूरजकुंड दीवाली मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. मेला 23 से 26 अक्टूबर तक सूरजकुंड में होगा।

  2. सीएम नायब सैनी करेंगे मेले का उद्घाटन।

  3. सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सूरजकुंड में 23 से 26 अक्टूबर को होने वाले दीवाली मेले को आकर्षक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को समीक्षा बैठक कर मेले की तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली। साथ ही सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मेले के सफल आयोजन पर चर्चा

इस बैठक में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बिजली आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, अग्निशमन, पार्किंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा शिल्पकारों एवं पर्यटकों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले के सफल आयोजन के निर्देश दिए।

सीएम सैनी करेंगे मेले का उद्घाटन

पर्यटन निगम की ओर से भी मेला परिसर संवारा जाने लगा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 23 अक्टूबर को मेले का उद्घाटन करेंगे। डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल 26 अक्तूबर को समापन समारोह में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि मेले के पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने और शिल्पकारों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

संबंधित विभागों की गठित होगी समिती

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में बिजली आपूर्ति, अस्थायी विद्युत कनेक्शन, उपकरणों, तारों, पोल और अन्य मामलों की जांच के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की समिति गठित की जाए। समिति में विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा आवश्यकतानुसार अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा।

स्वच्छता पर भी रहेगा फोकस

डीसी आयुष सिन्हा ने नगर निगम और संबंधित विभागों को मेला परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सीवरेज व्यवस्था और जल निकासी के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर में स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण बनाए रखा जाए।

मेले में उपलब्ध रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि मेला परिसर में डिस्पेंसरी को आवश्यक सुविधाओं के साथ संचालित किया जाए। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस सभी आवश्यक उपकरणों सहित तैयार रखी जाए।

बैठक में सीईओ जिला परिषद शिखा, बड़खल के एसडीएम त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पर्यटकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान

हरियाणा पर्यटन निगम के अतिरिक्त महाप्रबंधक हरविंद्र सिंह यादव ने बताया कि मेले में लगभग 250 शिल्पकारों और हस्तशिल्प से जुड़े प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा। शिल्पकारों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने तथा उनके उत्पादों के प्रदर्शन के लिए बेहतर व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पत्नी, प्रेमी और बेटी ने मिलकर की पति की हत्या, फरीदाबाद में खौफनाक वारदात से सनसनी