विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल्लभगढ़ अग्निकांड: फिर से पैर पसारता अतिक्रमण, पीड़ित दुकानदारों के लिए मुआवजा मांगने पहुंचीं शारदा राठौर

Published: Wed, 09 Sep 2026 04:07 PM (IST)

बल्लभगढ़ के मेन बाजार में आग लगने के दो दिन बाद ही अतिक्रमण फिर से शुरू हो गया, जिससे दमकल ...और पढ़ें

बल्लभगढ़ बाजार में आग के बाद भी अतिक्रमण शुरू हो गया है। (एआई जेनरेटेड इमेज)

बल्लभगढ़ बाजार में आग के बाद भी अतिक्रमण शुरू हो गया है। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. आग लगने के दो दिन बाद फिर अतिक्रमण शुरू।

  2. पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद मांगी।

  3. निगम ने 10 दिन में अतिक्रमण हटाने का दावा किया।

जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। मेन बाजार बल्लभगढ़ स्थित पेंट दुकान में आग लगने के कारण चार दुकानों के जलने की घटना को हुए मात्र दो दिन का समय बीता है। दो दिन बाद ही दोपहर पहले बाजार में दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे सामान लगाकर अतिक्रमण कर लिया।

अतिक्रमण को हटाने के लिए निगम का दस्ता पहुंचा तो फिर रेहड़ी वाले भाग गए और दुकानदारों ने सामान को अंदर रख लिया। इस तरह से नगर निगम के दस्ता और दुकानदारों, रेहड़ी संचालकों के बीच अतिक्रमण को लेकर पूरे दिन आंख मिचौनी का खेल चलता रहा। जली हुई दुकानों को देखने के लिए पहुंची पूर्व विधायक शारदा राठौर ने विधायक मूलचंद शर्मा से कहा है कि वह प्रभावित दुकानदारों की मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद कराएं।

सोमवार को मेन बाजार में पेंट की दुकान में आग लगने से चार दुकान पूरी तरह से जल गई। जब इन दुकानों में आग लगी थी तो तब फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में अतिक्रमण के कारण काफी समय लगा था।

दस्ता ने दिन में दो बार दौरा किया और अतिक्रमण को हटाया

इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे विधायक मूलचंद शर्मा ने एसडीएम मयंक भारद्वाज, निगम संयुक्त आयुक्त करण सिंह भगोरिया को बाजार से पूरी तरह से अतिक्रमण साफ करने के निर्देश दिए थे। विधायक के इन निर्देशों को दुकानदारों ने दूसरे दिन हवा-हवाई साबित करने की कोशिश की। निगम के दस्ता ने दिन में दो बार दौरा किया और अतिक्रमण को हटाया।

पूर्व विधायक शारदा राठौर ने मेन बाजार में आग से जली दुकानों को देखा और व्यापारियाें से घटना की जानकारी ली। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि उन्हें अब अपना व्यापार दोबारा शून्य से शुरू करना पड़ेगा। इसके लिए सरकार से आर्थिक मदद मिल जाए तो कुछ मदद हो सकती है।

मुख्यमंत्री राहत कोष से व्यापारियों के नुकसान की भरपाई

शारदा ने विधायक मूलचंद शर्मा से भी मांग की है कि वह मुख्यमंत्री राहत कोष से व्यापारियों के नुकसान की भरपाई करवाए। ताकि वह अपना कारोबार शुरू कर सकें। व्यापार मंडल को आगे आकर हर दुकानों में अग्नि रोधक उपकरण व सभी दुकानों का बीमा करवाना चाहिए। ताकि ऐसी घटना घटने पर दुकानदारों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े और आग को बुझाने में सफलता मिल सके।

हमारा दस्ता लगातार बाजार में अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। अगले 10 दिन में बाजार में कहीं पर भी अतिक्रमण दिखाई नहीं देगा। यदि दुकानदार अतिक्रमण करने से बाज नहीं आए तो फिर मौके पर जाकर ही चालान किए जाएंगे। अब किसी भी सूरत में बाजार में अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। - करण सिंह भगोरिया, संयुक्त आयुक्त नगर निगम जोन बल्लभगढ़

यह भी पढ़ें-  फरीदाबाद में दर्दनाक हादसा, छत पर पानी से भरी बाल्टी में डूबने से एक साल के मासूम की मौत