बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटा
सेक्टर-14 में घरेलू सहायिका ने अपने भाई-भाभी के साथ मिलकर मकान मालिक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की साजिश रच डाली। साजिश में वे काफी हद तक कामयाब भी हो गए।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : सेक्टर-14 में घरेलू सहायिका ने अपने भाई-भाभी के साथ मिलकर मकान मालिक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की साजिश रच डाली। साजिश में वे काफी हद तक कामयाब भी हो गए। गनीमत रही कि बुजुर्ग महिला की पुत्रवधु वहां आ गई। तब सारा भांडा फूट गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
यहां रहने वाली 80 वर्षीय की ऊषा आहूजा ने सेंट्रल थाना पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम वह अपने घर में आराम कर रही थी। घरेलू सहायिका मंजू काम खत्म करके दूसरी मंजिल पर रहती थी। लेकिन शुक्रवार को वृद्धा ने ही उसे ऊपर जाने से रोक लिया। शाम 5 बजे दो नकाबपोश लोग उनके घर में जबरन घुस आए। उन्होंने वृद्धा को उसके बिस्तर से नीचे गिराकर उसके मुंह पर टेप लगा दी और हाथ शॉल से बांध दिए। उन्होंने मंजू के भी हाथ बांध दिए। इसके बाद ऊषा आहूजा को जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों ने अलमारी की चाबी ली और नकद व आभूषण निकाल लिए। इसी दौरान ऊषा की पुत्रवधु जो पहली मंजिल पर रहती है, नीचे आ गई। उसने शोर मचा दिया। पड़ोसी शोर सुनकर घर की डोरबेल बजाने लगे। दोनों नकाबपोश छत की ओर भाग गए और ऊपर की कुंडी लगा ली। पड़ोसियों ने जब छत का दरवाजा खुलवाया तो ऊषा ने दोनों को पहचान लिया। यह दोनों मंजू का भाई (बलराम)और भाभी(निशा)थे। तब ऊषा को सारा माजरा समझ आया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से सोने के कंगन, चेन, पेंडल और नकदी बरामद की। शनिवार को अदालत ने बलराम को एक दिन की पुलिस रिमांड व दोनों महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।