पांच करोड़ से होगा पृथला का विकास: धनकड़
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़: प्रदेश के पंचायत एवं विकास मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने पृथला विधानसभा क्षेत्र
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़: प्रदेश के पंचायत एवं विकास मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने पृथला विधानसभा क्षेत्र के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। ये राशि बल्लभगढ़ और पृथला खंड में ढाई-ढाई करोड़ रुपये के रूप में दी जाएगी। इस राशि से क्षेत्र के गांवों की सभी गलियों को पक्का बनाया जाएगा।
धनखड़ पृथला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े उम्मीदवार नयनपाल रावत की रैली में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। रैली सफलता से गदगद केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नयनपाल रावत की पीठ थपथपाई और कहा कि वे चुनाव भले ही हार गए, लेकिन में पार्टी में उनकी हैसियत विधायक से कम नहीं है।
रैली में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समर्थक भाजपा नेता थे, उद्योग मंत्री विपुल गोयल इस रैली में दिखाई नहीं दिए जबकि 25 मार्च को गोयल ने पृथला क्षेत्र के बसपा विधायक टेकचंद शर्मा द्वारा गांव फतेहपुर बिल्लौच में आयोजित रैली में हिस्सा लिया था। टेकचंद शर्मा भाजपा सरकार को समर्थन दे रहे हैं। टेकचंद मुख्यमंत्री के साथ ¨सगापुर-हांगकांग और कृषि मंत्री धनखड़ के साथ आस्ट्रेलिया व न्यूजीलैंड के सरकारी दौरे में गए थे। टेकचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की 24 अप्रैल पृथला में भी रैली की थी।
मोहना रैली में भाजपा के बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा, प्रदेश बंजर भूमि विकास निगम के अध्यक्ष अजय गौड़, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुखवीर मलेरना, जिला परिषद के अध्यक्ष विनोद चौधरी, सदस्य डॉ. जगदीश प्रसाद, अवतार सारंग प्रमुख रूप से मौजूद थे।