विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अतीत से : जब पुन:मतगणना में जीत गए लोकदल प्रत्याशी खिल्लन सिंह

By Edited By:
Published: Mon, 01 Sep 2014 01:12 AM (IST)

News Article Hero Image

संजीव मंगला, पलवल:

वर्ष 1982 में हुए हरियाणा विधानसभा के चुनाव में पलवल जिले के हथीन विधानसभा क्षेत्र में चुनाव परिणाम बहुत ही चौंकाने वाला रहा। पहले यहां से जनता पार्टी के अजमत खां को 173 वोट से विजयी घोषित किया गया तथा बाद में उच्च न्यायालय द्वारा कराई गई मतगणना में लोकदल के खिल्लन सिंह को 55 वोट से विजयी करार दिया गया।

इस चुनाव में लोकदल व भाजपा में चुनावी गठबंधन था। इसमें हथीन विधानसभा सीट से लोकदल ने गांव बासवां निवासी खिल्लन सिंह को चुनाव मैदान में उतारा। वहीं कांग्रेस ने पूर्व विधायक रामजीलाल डागर को टिकट दी। जनता पार्टी ने गांव मलाई निवासी अजमत खां को चुनावी समर में उतारा। तीनों में कांटेदार मुकाबला हुआ। परिणाम अजमत खां के पक्ष में गया। उन्हें12828 वोट तथा खिल्लन सिंह को 12655 वोट मिले। रामजीलाल को 12230 वोट मिले। निर्दलीय वली मोहम्मद को 7800 तथा भगवान सहाय रावत को 3954 वोट मिले। खिल्लन सिंह ने पुन:मतगणना के लिए पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका दायर कर दी।

हसनपुर में भी जीते लोकदल प्रत्याशी

वहीं हसनपुर-होडल विधानसभा क्षेत्र से लोकदल के गिर्राज किशोर विजयी रहे। उन्होंने निर्दलीय व पूर्व विधायक गया लाल को पराजित किया। गिर्राज किशोर को 21259 व गया लाल को 14755 वोट मिले। कांग्रेस के उम्मीदवार व पूर्व विधायक बिहारी लाल को 14731 वोट मिले। कांग्रेस (जे) के रामरतन को 1393 वोट मिले। गिर्राज किशोर चुनाव जीतने के बाद लोकदल छोड कांग्रेस में शामिल हो गए।

पलवल की सीट कांग्रेस की झोली में

पलवल से कांग्रेस ने पूर्व विधायक कल्याण सिंह को चुनाव मैदान में उतारा। लोकदल ने जवां गांव निवासी राजेंद्र मलिक को टिकट दी। हालांकि मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी व निर्दलीय सुभाष कत्याल में हुआ। कल्याण सिंह को 23463 व सुभाष कत्याल को 15232 वोट मिले। कांग्रेस जे के नारायण दत्त शर्मा को 7941 व लोकदल के राजेंद्र मलिक को 6973 वोट मिले। कल्याण सिंह बाद में राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए।

----------------------

1982 के प्रत्याशी अब किस दल में

उम्मीदवार 1982 2014

अजमत खां - जनता पार्टी - कांग्रेस

रामजीलाल - कांग्रेस - इनेलो

भगवान सहाय- निर्दलीय - भाजपा

गिर्राज किशोर - लोकदल - भाजपा

रामरतन - कांग्रेस जे - भाजपा

सुभाष कत्याल- निर्दलीय - भाजपा