भिवानी में सब्जी लेने गया पति, घर लौटा तो फंदे से लटकी मिली पत्नी; 2 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बहल के रिवासा गांव में एक मुर्गी फार्म पर रहने वाली 22 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति सब्जी लेने गया था, लौटने पर उसने पत्नी को फंदे पर लटका पाया और अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
-1795953605346_m.webp)
पति सब्जी लेने गया, घर लौटने पर पत्नी मिली फंदे से लटकी। फाइल फोटो
HighLights
रिवासा गांव में 22 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
पति सब्जी लेने गया था, लौटने पर पत्नी फंदे पर मिली
पुलिस ने पति के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की
संवाद सहयोगी, बहल। गांव रिवासा स्थित एक मुर्गी फार्म पर रहने वाली करीब 22 वर्षीय महिला की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के समय महिला का पति सब्जी लेने के लिए बाहर गया हुआ था।
वापस लौटने पर पत्नी को अचेत अवस्था में देखकर वह उसे उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बहल थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच की।
बहल थाना के एसआई अनिल कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश के रीवा जिले की रहने वाली करीब 22 वर्षीय रंगीता देवी पत्नी रवि कुमार पिछले करीब तीन महीने से गांव रिवासा स्थित मुर्गी फार्म पर रह रही थी। रविवार सुबह नागरिक अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पति के बयान दर्ज कर जांच की
पुलिस के अनुसार मृतका के पति रवि कुमार ने अपने बयान में बताया कि वह सब्जी लेने के लिए बाहर गया हुआ था। जब वापस लौटा तो पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद वह उसे तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। इनमें तीन साल का बेटा और एक साल की बेटी है। पुलिस ने पति के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।