यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
300 फुट तक खोद डाला पहाड़, तलहटी में दिखने लगा पानी
जागरण संवाददाता भिवानी अंधाधुंध यूं ही खनन कार्य चलता रहा तो वह दिन दूर नहीं होगा जब इस

जागरण संवाददाता, भिवानी: अंधाधुंध यूं ही खनन कार्य चलता रहा तो वह दिन दूर नहीं होगा, जब इस क्षेत्र पर्यावरण पूरी तरह से गड़बड़ा जाएगा और आने वाली पीढि़यां वर्तमान पीढ़ी को माफ नहीं करेंगी। कभी आसमान को छूने वाले पहाड़ नियमों को ताक पर रखते हुए सैकड़ों फुट की गहराई तक खोद डाले हैं। नौबत यह आ चुकी है कि पहाड़ की तलहटी में पानी दिखाई देने लगा है। अधिवक्ता सत्यवान ने कहा कि निर्धारित मापदंडों से ज्यादा गहराई तक खनन हो चुका है। ग्रामीणों ने इसके खिलाफ सीएम विडो पर भी शिकायत की है। दैनिक जागरण के पास डाडम पहाड़ के जो फोटो उपलब्ध हुए हैं, वे निश्चित तौर पर डराने वाले हैं। खनन कार्य से जुड़े लोगों की मानें तो पहाड़ की खोदाई 300 फुट से भी ज्यादा की जा चुकी है। नीचे की ओर झांकते हैं तो बड़े-बड़े ट्रक भी छोटे-छोटे दिखाई देते हैं। ढलाने से नीचे उतरने के लिए घुमावदार रास्ते बनाए हुए हैं, जिन पर रेंगते हुए हाईवा डंपर माचिस की डिब्बी जैसे दिखते हैं। सवाल उठता है कि आखिर इतनी गहराई तक खनन हो गया और प्रशासन की नजर क्यों नहीं गई।
--------------
करीब 3-4 महीने पहले ही खनन शुरू हुआ था
डाडम में खनन कार्य शुरू से ही विवादों में रहा है। विवादों की वजह से नवंबर 2017 में खनन कार्य रोक दिया गया था और नए सिरे से बोली लगाई थी। इसके बाद नई बोली लगाई गई पर काफी दिनों तक विरोध चला। बोलीदाताओं ने उच्च न्यायालय की शरण लेकर मार्च से इस पर पुन: खनन शुरू कर दिया। हालांकि इस बीच दो तीन हादसे यहां पर हो चुके हैं। एक मजदूर की तो हाल ही में जेसीबी मशीन के तले दबने से मौत हो चुकी है। इसका कारण भी यही था कि मशीन पहाड़ की गहराई में फिसल गई थी।
----------------------
दिल्ली व गुरुग्राम सहित दूर दराज तक जाता है यहां से पत्थर
डाडम से दिल्ली, गुरुग्राम सहित कई अन्य प्रदेशों में भी पत्थर सप्लाई होता है। यही वजह है कि खनन कार्य बड़ी तेजी से हो रहा है और देखते ही देखते यहां सैकड़ों फुट गहराई तक खोदाई कर डाली है।
-------------------
इस बारे में स्टेट माइनिग इंजीनियर प्रवेश शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे मीडिया से कोई भी बात करने के लिए अधिकृत नहीं हैं। वहीं उपायुक्त सुजान सिंह ने कहा कि वे अभी आए हैं और यदि कोई इस तरह की शिकायत है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।