विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चरखी दादरी में यूरिया का स्टॉक 2 दिन में खत्म, खाद केंद्रों पर चक्कर लगा रहे किसान

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:11 PM (IST)

चरखी दादरी जिले में यूरिया खाद की भारी किल्लत से किसान परेशान हैं, गेहूं और सरसों की बढ़ती मांग के बावजूद आपूर्ति कम है। हाल ही में आई 4950 बैग यूरिया की खेप दो दिन में ही खत्म हो गई।

चरखी दादरी में यूरिया संकट गहराया।

चरखी दादरी में यूरिया संकट गहराया।

HighLights

  1. यूरिया की मांग बढ़ी, आपूर्ति कम होने से किल्लत।

  2. 4950 बैग यूरिया की खेप दो दिन में हुई खत्म।

  3. पंजीकृत किसानों को अधिकतम पांच बैग यूरिया मिल रही।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले में यूरिया खाद की किल्लत एक बार फिर किसानों की परेशानी बढ़ाने लगी है। गेहूं की पछेती बिजाई का दौर चलने और सरसों की फसल में पहली सिंचाई शुरू होने के साथ ही यूरिया की मांग तेजी से बढ़ गई है।

लेकिन मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं होने से किसानों को खाद के लिए विभिन्न बिक्री केंद्रों और सहकारी समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दो दिन पहले जिले के आठ खाद केंद्रों पर पहुंची यूरिया की 4950 बैग की खेप भी महज दो दिन में खत्म हो गई। ऐसे में अब यूरिया के लिए पहुंचने वाले किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में सरसों की पहली सिंचाई के लिए यूरिया की काफी डिमांड है। इसके अलावा धान उत्पादक किसानों द्वारा अब धान कटाई के बाद गेहूं बिजाई की तैयारी की जा रही है। किसानों डीएपी के साथ यूरिया मिलाकर बुवाई कर रहे हैं। जिसके चलते डिमांड बढ़ी है। जिले में डिमांड अधिक होने और आपूर्ति कम होने के कारण जैसे ही किसानों को यूरिया वितरण की सूचना मिलती है वहां भीड़ लग जाती है।

जिसके चलते दो से तीन दिन में स्टाक खत्म हो जाता है और किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया नहीं मिल पाती। वहीं, किसानों को एक बार में पांच बैग से अधिक यूरिया नहीं दी जाती। जिससे वे बार-बार लाइन में लगने को मजबूर हैं। जिले में बुधवार को आठ केंद्रों पर खाद की खेप भेजी गई थी।

जिसके तहत जिले के आठ खाद बिक्री केंद्रों पर 4950 बैग यूरिया पहुंची थी। इसमें जमींदारा कोआपरेटिव सोसायटी को सबसे अधिक 1100 बैग यूरिया उपलब्ध करवाए गए थे। लेकिन यूरिया की डिमांड अधिक होने के कारण दो दिन में ही स्टाक खत्म हो गया। जिसके बाद शुक्रवार को यूरिया के लिए आने वाले किसानों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।

जमींदारा सोसायटी पर दो दिन में बंटे 1100 बैग

यूरिया की बढ़ती मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जमींदारा कोआपरेटिव सोसायटी पर पहुंचे 1100 बैग महज दो दिन में ही खत्म हो गए। सोसायटी पर बुधवार को 698 और वीरवार को 402 यूरिया बैग का वितरण किया गया। जिससे पूरा स्टाक खत्म हो गया और शुक्रवार को किसानों को यूरिया नहीं मिल पाई। हालांकि आगामी सप्ताह यूरिया की और खेप पहुंचने की संभावना जताई गई है। जिससे किसानों को राहत मिल सकेगी।

पंजीकृत किसानों को ही मिल रही खाद

खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को ही यूरिया उपलब्ध करवाई जा रही है। निर्धारित व्यवस्था के तहत एक एकड़ जमीन पर एक बैग के हिसाब से अधिकतम पांच बैग यूरिया दिए जा रहे हैं। इससे अधिक खाद देने पर रोक है। इसके बावजूद जिले में उपलब्ध स्टाक तेजी से खत्म हो रहा है और किसानों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में यूरिया नहीं मिल पा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।