तिजारा सभापति चुनाव से पहले घमासान, पंचकूला में रोके गए कांग्रेस पार्षद, पुलिस चौकी ले जाने पर भड़के नेता
तिजारा नगर परिषद सभापति चुनाव से ठीक पहले सियासी घमासान तेज हो गया है, जहां पंचकूला में कांग्रेस पार्षदों को पुलिस ने रोक लिया।
-1789971436275_m.webp)
पिंजौर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन करते कांग्रेस नेता।
HighLights
तिजारा सभापति चुनाव से पहले कांग्रेस पार्षदों को रोका गया
पंचकूला टोल प्लाजा पर पुलिस ने पार्षदों को हिरासत में लिया
कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को मतदान रोकने का प्रयास बताया
जागरण संवाददाता, भिवानी। तिजारा नगर परिषद के सभापति चुनाव से एक दिन पहले सियासी घमासान तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश में बाड़ेबंदी के बाद तिजारा लौट रहे कांग्रेस पार्षदों को रविवार रात करीब नौ बजे पंचकूला टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक लिया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस पार्षदों को अमरावती पुलिस चौकी ले गई और उनके वाहनों को भी थाने में खड़ा करा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता इमरान खान के नेतृत्व में नेता और पार्षद पिंजौर पुलिस थाने के बाहर एकत्र हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
इमरान खान ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में ठहरे कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षद रविवार को तिजारा के लिए रवाना हुए थे। पंचकूला जिले में टोल प्लाजा के पास पुलिस ने उनकी गाड़ियों को रोक लिया।

कांग्रेस का आरोप है कि हथियारों से लैस पुलिसकर्मियों और बाउंसरों ने पार्षदों को अपने साथ अमरावती पुलिस चौकी पहुंचाया। कांग्रेस ने इसे सोमवार को होने वाले सभापति चुनाव में पार्षदों को मतदान से रोकने की कोशिश बताया है।
सोमवार को तिजारा नगर परिषद सभापति पद के लिए मतदान होना है। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले पार्षदों को रोके जाने की घटना ने तिजारा की सियासत गरमा दी है। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए तत्काल पार्षदों को छोड़े जाने की मांग की है।
