हिसार से भिवानी लाया गया तेंदुआ यमुनानगर के कैलेसर जंगल में छोड़ा
जागरण संवाददाता, भिवानी: हिसार के डियर पार्क से भिवानी चिड़ियाघर लाया गया जंगली तेंदुआ
जागरण संवाददाता, भिवानी:
हिसार के डियर पार्क से भिवानी चिड़ियाघर लाया गया जंगली तेंदुआ शुक्रवार को यमुनानगर के कैलेसर जंगल में छोड़ दिया गया। वन्य जीव प्राणी विभाग टीम उसे लेकर पहुंची। उसे एक दिन के लिए भिवानी रखा गया था। उसके उपचार और उसके होश में आने के बाद उसे जंगल में छोड़ा गया।
यहां गौरतलब है कि हिसार के धान्यू रोड स्थित डियर पार्क में 25 अगस्त की रात को एक काले हिरण का शिकार हुआ था। इस घटना के बाद वन्य जीव प्राणी विभाग को यहां पर जंगली तेंदुआ होने की खबर मिली। इसे पकड़ने के लिए भरसक प्रयास किए गए लेकिन 25 दिन तक यह काबू नहीं आया। बुधवार रात को इसे पकड़ा जा सका। डियर पार्क में आए इस तेदुए को बंदूक से बेहोशी की गोली मारी गई जिससे वह पकड़ा जा सका।
इसके बाद इसे भिवानी के चिड़ियाघर भेजा गया। डाक्टरों द्वारा इसे उपचार देने के बाद यह होश में आया। इसके बाद इसे वन्य प्राणी विभाग की टीम यमुनागर के कैलेसर जंगल में ले गई और उसे वहां पर छोड़ दिया गया। चिड़ियाघर अधिकारियों की माने तो यह जंगली तेंदुआ था जिसे चिड़ियाघर में नहीं रखा जा सकता। इसलिए इसे जंगल में ही छोड़ा गया है। जंगली तेंदुआ था ओर इसे उपचार के बाद जंगल में छोड़ा गया है हिसार के डियर पार्क से पकड़ने के बाद यहां लाए गया तेंदुआ जंगली था। इसलिए उसे चिड़िया घर में रखना संभव नहीं था। उसे यमुनानगर के कैलेसर जंगलों में छोड़ा गया है।
पवन ग्रोवर, डीएफओ
वन्य जीव प्राणी विभाग