पुरानी रंजिश के चलते घर में किया पथराव, महिला घायल
चरखी दादरी : दादरी शहर की पुरानी गोशाला चौक के समीप बृहस्पतिवार दे
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
दादरी शहर की पुरानी गोशाला चौक के समीप बृहस्पतिवार देर सांय कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते एक घर में पथराव कर दिया। इस दौरान घर में काम कर रही एक महिला भी घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उसे भिवानी के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दादरी सिटी पुलिस की भी मौके पर पहुंची।
अस्पताल में उपचाराधीन घायल महिला ने बताया कि वह देर शाम को घर पर ही थी कि अचानक कुछ युवकों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। इसके अलावा उक्त युवकों ने घर में पत्थर भी बरसाए। वहीं, इस बारे में दादरी सिटी एसएचओ ने बताया कि एक ही समुदाय के दो युवकों के बीच करीब छह माह पहले कोई झगड़ा हुआ था। उस मामले में दोनों पक्षों ने आपसी समझौता भी कर लिया था। लेकिन बृहस्पतिवार दोपहर को उनमें से एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कुछ साथियों के साथ मिलकर दोबारा से झगड़ा करने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले पक्ष पर पथराव करने का आरोप लगाया है। एसएचओ ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों से शिकायत थाने में प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।