शहर में जगह-जगह लगे जाम, राहगीरों को हो रही परेशान
जागरण संवाददाता,भिवानी : दीपावली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, बाजारों में
जागरण संवाददाता,भिवानी :
दीपावली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, बाजारों में भी भीड़ बढ़ती जा रही है। ऐसे में सोमवार को शहर में जगह-जगह जाम लगा रहा। जाम के कारण वाहन रेंगते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे। जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
त्योहारी सीजन सिर पर है। हर कोई दीपावली के लिए खरीददारी करने के लिए घर से निकल रहा है। इसके कारण बाजारों में भी भीड़ बढ़ गई है। वहीं सोमवार को सप्ताह का प्रथम वर्किंग दिवस होने के कारण भी वाहनों की भीड़ अधिक रही। वाहनों की अधिकता के चलते शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। वाहन चालक लंबी-लंबी कतारों में इंतजार करते रहे। वहीं जाम कम होने का नाम नहीं ले रहा था। जाम की स्थिति मुख्य चौक-चौराहों पर अधिक देखने को मिली। जाम में फंसे लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। ऐसे में उन्हें अपने गंतव्य को तय करने में भी देरी हुई।
वाहन चालकों की माने तो समय-समय पर जाम लगता रहता है। इस जाम की स्थिति से छुटकारा दिलाना चाहिए। ताकि उन्हें अपना गंतव्य तय करने में कठिनाई न हो।
शहर के मुख्य बाजारों में भी काफी भिड़ लगी रही। त्योहार के सीजन में दुकानदार भी अपने सामान को फुटपाथ रख देते हैं। साथ ही रेहड़ी वाले भी सड़क पर अपनी रेहड़ी लगा लेते हैं। इससे सड़कों की चौड़ाई भी आधी हो जाती है। इससे बाजार में भी काफी भीड़ रहती है और राहगीरों को परेशानी होती है।