दिनभर छाए रहे बादल, दो डिग्री गिरा पारा
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : बृहस्पतिवार को हुई वर्षा, ओले गिरने का असर शुक्रवार को भ
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : बृहस्पतिवार को हुई वर्षा, ओले गिरने का असर शुक्रवार को भी दिखाई दिया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे तथा शीतलहर चलने का सिलसिला जारी रहा। इसके साथ ही अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले में अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम का असर दादरी नगर के बाजारों, मंडियों, सार्वजनिक स्थानों, व्यावसायिक स्थलों पर भी नजर आया। कल की तरह शुक्रवार को भी बाजारों में रौनक काफी कम दिखाई दी।
हालांकि नगर में काफी, चाय, गर्म तासीर के खाने पीने के सामान की स्टालों, दुकानों पर सुबह से खासी भीड़ दिखाई दी। पटरी बाजारों पर पहले की तरह रेडीमेड गर्म वस्त्रों की खरीद के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। दादरी नगर के आर्य समाज मंदिर रोड पर तिब्बती प्रवासियों द्वारा लगाई गई गर्म वस्त्रों की अस्थाई दुकानों पर भी खासी बिक्री हो रही हैं। मौसम के जानकारों का कहना है कि अगले दो रोज के दौरान हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में ही मौसम में बदलाव शुरू होगा। जिले के कई गांवों के किसानों ने बताया कि पिछले दस दिनों के दौरान दो बार हुई वर्षा, ओलावृष्टि से रबी की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। विशेषकर गेहूं, सरसों की फसल अधिक प्रभावित हुई है। किसान संगठन सरकार से लगातार बर्बाद फसलों की शीघ्र गिरदावरी करवाकर मुआवजा देने की मांग कर रहे है।
बाक्स :
मौसम से बचाव जरूरी : डा. देशवाल
दादरी नगर के चिकित्सक मेजर डा. योगेंद्र देशवाल ने कहा कि शीतलहर का सिलसिला जारी रहने, मौसम में आ रहे उतार-चढ़ाव का सर्वाधिक प्रभाव हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, अस्थमा, श्वास, दमा से प्रभावित मरीजों पर पड़ता है। उनके स्वास्थ्य के प्रति विशेष ध्यान रखना जरूरी है। जहां तक संभव हो सुबह, सायं व रात को खुले स्थानों पर आने जाने से बचें। खाने-पीने में विशेष सावधानियां बरते व संक्रमित स्थानों पर कम से कम जाएं। किसी से भी हाथ मिलाने से भी परहेज करें। हमें अपने घरों व आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
बाक्स :
दादरी जिले में पिछले एक सप्ताह का तापमान
दिनांक वार अधिकतम न्यूनतम
15.02.19 शुक्रवार 20 10
14.02.19 बृहस्पतिवार 22 12
13.02.19 बुधवार 24 14
12.02.19 मंगलवार 21 10
11.02.19 सोमवार 21 10
10.02.19 रविवार 19 7
09.02.19 शनिवार 20 7