विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दक्षिण अफ्रीका में हरियाणा के मर्चेंट नेवी कर्मचारी की संदिग्ध मौत, 50 दिन बाद भारत पहुंचा शव

Published: Tue, 03 Nov 2026 06:51 PM (IST)

भिवानी के मोहम्मद नगर मनफरा निवासी रोहित की दक्षिण अफ्रीका में मर्चेंट नेवी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ...और पढ़ें

दक्षिण अफ्रीका में मर्चेंट नेवी कर्मचारी की संदिग्ध मौत।

दक्षिण अफ्रीका में मर्चेंट नेवी कर्मचारी की संदिग्ध मौत।

HighLights

  1. दक्षिण अफ्रीका में मर्चेंट नेवी कर्मचारी रोहित की संदिग्ध मौत

  2. 50 दिन बाद शव भारत पहुंचा, परिजन जांच की मांग कर रहे

  3. कंपनी के आत्महत्या के दावे पर परिवार को संदेह है

संवाद सूत्र, ढिगावा मंडी। दक्षिण अफ्रीका में मर्चेंट नेवी में तैनात भिवानी के गांव मोहम्मद नगर मनफरा वासी 24 वर्षीय रोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 50 दिन बाद उसका शव भारत पहुंचा तो स्वजन उसे दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे रोहतक पीजीआई के शव गृह लेकर पहुंचे।

स्वजन ने कंपनी के आत्महत्या के दावे पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि कंपनी मौत की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही, जिससे संदेह और गहरा गया है। समाचार लिखे जाने तक रोहित के शव का पीजीआई में पोस्टमार्टम नहीं हुआ था।

2023 में ज्वाइन की नौकरी, 22 अगस्त को ड्यूटी पर निकला था रोहित

मृतक के चाचा अनिल कुमार बताया कि रोहित ने वर्ष 2023 में चेन्नई की शिपिंग मैनेजमेंट डाल्फिन कंपनी में नौकरी ज्वाइन की थी। वह मर्चेंट नेवी में एबल सीमैन के पद पर कार्यरत था। उसकी चार महीने घर और चार महीने जहाज पर ड्यूटी रहती थी। 22 अगस्त को रोहित घर से ड्यूटी के लिए निकला और 25 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका पहुंचा था।

14 सितंबर को मिली मौत की सूचना, कंपनी ने बताया आत्महत्या

अनिल कुमार ने बताया कि 14 सितंबर को स्वजन को फोन पर सूचना दी गई कि रोहित ने 13 सितंबर को पश्चिमी अफ्रीका में जहाज के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। विदेश में पोस्टमार्टम के बाद करीब 50 दिन तक इंतजार करना पड़ा और अब उसका शव भारत पहुंचा है।

कंपनी की चुप्पी ने बढ़ाया संदेह, परिजनों ने उठाए सवाल

स्वजन का कहना है कि कंपनी रोहित की मौत को आत्महत्या बता रही है, लेकिन घटना की परिस्थितियों, कथित फांसी की जगह और पूरे घटनाक्रम के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे रही।

चाचा अनिल कुमार ने कहा कि उन्हें अपने भतीजे पर पूरा भरोसा है और वे कंपनी के दावे को अंतिम सच मानने के लिए तैयार नहीं हैं। परिवार को आशंका है कि मौत के पीछे कोई अन्य कारण हो सकता है, जिसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

विदेश मंत्रालय से जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

स्वजन ने मौत की असली वजह सामने लाने के लिए रोहतक पीजीआई में दोबारा पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जहाज पर हुई घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी सामने आने पर जिम्मेदार लोगों और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

स्वजन के अनुसार, रोहित परिवार का छोटा बेटा था, जबकि उसका बड़ा भाई राहुल है। स्वजन अब इस सवाल का जवाब चाहते हैं कि विदेश में आखिर रोहित के साथ क्या हुआ और उसकी मौत की परिस्थितियों की पूरी सच्चाई सामने क्यों नहीं आ रही। समाचार लिखे जाने तक रोहित के शव का रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम नहीं हुआ था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।