मिसेज इंडिया वर्ल्ड वाइड 2018 के फाइनल में पहुंची किसान की बेटी सरोज
जागरण संवाददाता, भिवानी : हरियाणा प्रदेश में स्थित छोटी काशी की रहने वाली डा. सरोज ने द
जागरण संवाददाता, भिवानी : हरियाणा प्रदेश में स्थित छोटी काशी की रहने वाली डा. सरोज ने देश की 20 हजार सुंदरियों को पछाड़ कर मिसेज इंडिया वर्ल्ड वाइड 2018 के फाइनल राउंड में जगह बनाई है। बचपन से ही आसमान में उड़ने का ख्वाब लेकर बड़ी हुई सरोज ने शिक्षा, खेल, चिकित्सा के साथ सौंदर्य के रैम्प पर भी अपना कदम आगे बढ़ाया है। सरोज ने फाइनल मुकाबले के लिए पहले ही चरण में अपना नाम अपनी प्रतिभा के बल पर दर्ज करवा लिया। डा. सरोज वर्तमान में दंत चिकित्सक है और किसान नेता स्व. ओमप्रकाश मान की बेटी है। जिन्होंने अपने परिवार व ससुराल के सहयोग से यह मुकाम हासिल किया है। ग्रीस जाने से पूर्व डा. सरोज ने बताया कि उन्होंने मिसेज इंडिया के लिए दिल्ली में आयोजित समारोह में ओडिशन दिया था, जिसका अब परिणाम आया है, जिसमें उनका नाम भी चयन हुआ है । उन्होंने बताया कि देश भर से करीब 20 हजार महिलाओं ने ऑडिशन दिया था, जिसमें 88 विवाहित महिलाओं का चयन हुआ है और हरियाणा में केवल तीन महिलाओं का चयन हुआ है। जिनमें सरोज का नाम भिवानी से, एक पानीपत से और एक बहादुरगढ़ की महिला का चयन हुआ है। कहा कि अब फाइनल मुकाबले के लिए उनको टिप्स दिए जा रहे हैं। कुछ तैयारी उनकी ग्रीस में होगी। जिसके लिए वे अब ग्रीस जा रही हैं। इसमें भी दो तीन राउंड होंगे। सबसे इम्पोर्टेन्ट टैलेंट राउंड होगा। उसी की तैयारी में हम जुटे हैं। फाइनल राउंड 21,22,23 सितंबर को जवारलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। सरोज ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे इसका हिस्सा बनीं और यहां तक पहुंचने में उनके पति, ननदों व सास का भी बड़ा योगदान है। कहा कि उनके पिता सहित उनके सात भाईयों ने भी हमेशा उनको आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। सरोज ने कहा कि उनके पति जज हैं और उनके पिता किसान रहे हैं। उन्होंने यह खुशी अपने परिवार के साथ मनाई है और सरोज की मां और सातों भाईयों ने भी सरोज को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।