एशियन चैंपियनशिप फाइनल में पहुंची साक्षी, भारतीय टीम के 15 पदक पक्के
सुरेश मेहरा भिवानी दुबई में चल रही एशियन चैंपियनशिप में 54 किलो भार वर्ग में भिवानी की
सुरेश मेहरा, भिवानी
दुबई में चल रही एशियन चैंपियनशिप में 54 किलो भार वर्ग में भिवानी की साक्षी अपना सेमीफाइनल मुकाबला जीत कर फाइनल में पहुंच गई। 57 किलो में जैस्मिन लंबोरिया और 48 किलो में रोहतक की मोनिका हार गई और उनको कांस्य से संतोष करना पड़ा। इस एशियन चैंपियनशिप में भारतीय महिला और पुरुष मुक्केबाजी में भारत के 15 पदक पक्के हो चुके हैं। भारतीय बॉक्सिंग के इतिहास में यह पहला मौका है जब महिला वर्ग की सभी 10 मुक्केबाज पदक लेकर लौटेंगी। रात साढे नौ बजे तक महिला मुक्केबाजों में साक्षी, जैस्मिन और मोनिका के मुकाबले हो पाए थे। साक्षी ने 54 किलो भार वर्ग तजाकिस्तान की मुक्केबाज को 3-2 से हराया। मैरिकाम ने भी अपने 51 किलो भार वर्ग में मुकाबला जीत कर फाइनल में जगह बना ली। पुरुष वर्ग में भी पांच पदक पक्के हो चुके हैं। इस प्रकार एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम 15 पदकों के साथ दुबई से लौटेंगी यह पहला मौका है। पिछली बार एशियन चैंपियनशिप में भारत के 13 पदक रहे थे। ओलंपिक का टिकट पा चुकी है पूजा बोहरा
भिवानी की मुक्केबाज टोक्यो ओलंपिक का टिकट पा चुकी हैं। 75 किलो भार वर्ग में पूजा अपना पदक पक्का कर चुकी है। 2019 की पिछली एशियन चैंपियनशिप में पूजा ने गोल्ड मेडल जीता था। इस बार भी वह गोल्ड के लिए पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयार है। पुरुष वर्ग में पिछली एशियन चैंपियनशिप में अमित पंघाल ने भी गोल्ड जीता था। जैस्मिन और साक्षी एशियन चैंपियन में पहली बार खेल रही
भिवानी की जैस्मिन लंबोरिया और साक्षी पहली बार सीनियर में एशियन चैंपियनशिप में भाग ले रही हैं। पहली बार में ही इनके शानदार खेल ने खेल प्रेमियों को आकर्षित किया है और पदक पक्का किया है। साक्षी का जहां रजत पक्का हो गया है अब वह सोना जीतने के लिए रिग में उतरेगी वहीं जैस्मिन और मोनिका को कांस्य से ही संतोष करना होगा। पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले आज होंगे
पुरुष वर्ग में भारतीय मुक्केबाज पांच पदक पक्के कर चुके हैं। इनके सेमीफाइनल मुकाबले 28 मई को खेले जाएंगे। पदक पक्का करने वालों में 69 किलो भार वर्ग में विकास यादव, 52 किलो में अमित पंघाल, 60 किलो में बरिद्र सिंह, 63 किलो में शिवाथापा और 91 किलो भार वग में संजीत अपना पदक पक्का कर चुके हैं। अब ये मुक्केबाज सेमीफाइनल मुकाबले के लिए अपने पदक का रंग बदलने के लिए रिग में उतरेंगे।