रोहतक रोड आरओबी निर्माण में आएगी तेजी, टेंडर प्रक्रिया से पहले शुरू होगी निशानदेही
चरखी दादरी में रोहतक रोड रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में तेजी आने की उम्मीद है क्योंकि पेयजल और सीवर लाइनों को शिफ्ट करने के लिए सवा चार करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।

रोहतक रोड आरओबी निर्माण में तेजी आने की उम्मीद।
HighLights
पेयजल और सीवर लाइनों की शिफ्टिंग को राशि जारी
आरओबी निर्माण में तेजी लाने को निशानदेही शुरू
रोहतक रोड पर जाम से मिलेगी बड़ी राहत
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। रोहतक रोड रेलवे क्रासिंग से भगवान परशुराम चौक की तरफ रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में अब तेजी आने की उम्मीद है। पेयजल और सीवर लाइनें शिफ्ट नहीं होने के कारण लंबे समय से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।
इन लाइनों को शिफ्ट करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से जनस्वास्थ्य विभाग को करीब सवा चार करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। वहीं लाइन शिफ्टिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से पहले विभाग ने निशानदेही करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है, ताकि लाइनों की वास्तविक स्थिति और शिफ्टिंग के दायरे का पता चल सके।
वीरवार को लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन गुरुचरण सिंह व जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन सोहन लाल ने आरओबी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर चल रहे कार्य की स्थिति देखी और पेयजल व सीवर लाइनों की निशानदेही करने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए।
अधिकारियों का प्रयास है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू होने तक अन्य जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में अनावश्यक देरी ना हो।
पहले एक करोड़, फिर सवा तीन करोड़ रुपये मांगे
आरओबी निर्माण के दौरान पेयजल और सीवर की लाइनें बाधा बनी हुई हैं। इन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करने की जिम्मेदारी जनस्वास्थ्य विभाग को दी गई है। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने शुरुआत में लोक निर्माण विभाग से करीब एक करोड़ रुपये की मांगे थे। लोक निर्माण विभाग ने यह राशि जारी कर दी थी।
इसके बाद लाइन शिफ्टिंग के लिए करीब सवा तीन करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। यह राशि भी लोक निर्माण विभाग की ओर से जमा करवा दी गई है। अब जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बार-बार के जाम से मिलेगी राहत
78 करोड़ की राशि से बनने वाले आरओबी से रोहतक रोड पर रेलवे क्रासिंग के कारण लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल ट्रेन आने पर फाटक बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
इससे कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ओवरब्रिज बनने से रेलवे फाटक पर निर्भरता कम होगी और वाहनों का आवागमन सुचारु हो सकेगा।
निर्माण कार्य का लिया है जायजा: एक्सईएन
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन गुरुचरण सिंह ने बताया कि वीरवार को आरओबी निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। कर्मचारियों को निर्देश दिए है कि लाइन शिफ्टिंग की टेंडर प्रक्रिया से पहले निशानदेही शुरू की जाए, ताकि निर्माण कार्य को गति मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।