रिटायर्ड प्राचार्य व उसकी पत्नी को पड़ोसियों ने बीच रास्ते रोक कर पीटा
जागरण संवाददाता भिवानी ढाणी सरोगियान निवासी रिटायर्ड प्राचार्य ने आरोप लगाया कि पड़ोस के
जागरण संवाददाता, भिवानी : ढाणी सरोगियान निवासी रिटायर्ड प्राचार्य ने आरोप लगाया कि पड़ोस के ही कुछ लोगों ने शुक्रवार शाम को बीच गली में रोक कर उस पर हमला बोल दिया। उसकी पत्नी व मां छुड़ाने के लिए आई तो उन्हें भी जमीन पर गिरा कर पीटना शुरू कर दिया। बुजुर्ग मां के ऊपर महिला ने बैठ कर पीटा, जबकि रिटायर्ड प्राचार्य की पत्नी के गले से सोने की चेन तोड़ ली गई। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शहर थाना पुलिस ने उसके बयान आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ढाणी सरोगियान निवासी सतीश कुमार यादव ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि वह शिक्षा विभाग से प्राचार्य के पद से रिटायर्ड है। वह अपने दोस्त प्रमोद के पास से अपने घर आ रहा था। इसी दौरान घर के पास ही पहले से ही खड़े मोतीलाल, उसकी बेटी व उसके बेटे ने उसे रोक लिया। उसका गला पकड़ कर गालियां देने लगे। गालियां देने का कारण पूछा तो पीटना शुरू कर दिया। झगड़े की आवाज सुनकर उसकी 87 साल की मां ने सतीश की पत्नी सविता यादव को आवाज देकर बुलाया। वह दोनों सतीश का बीच बचाव करने लगी तो उन्हें भी जमीन पर गिरा कर पीटना शुरू कर दिया। सतीश का आरोप है कि उक्त लोगों ने उसकी पत्नी के गले से सोने की चेन तक तोड़ ली। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने सतीश के बयान पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर सरोगियान ढाणी निवासी दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि रिटायर्ड प्राचार्य व उसका परिवार उन्हें जान से मारने की धमकी देते है और उन्हें मोहल्ले से निकालने की धमकी देते है। मोतीलाल ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी प्रोमिला उसका बेटा आकाश स्कूटी पर ट्यूशन से घर आए थे। इसी दौरान सतीश व उसके परिवार ने उन्हें रास्ते में रोक कर पीटना शुरू कर दिया। उसने आरोप लगाया कि वह पूरे परिवार व महिलाओं के बारे में गलत टिप्पणी करते है। शहर थाना पुलिस ने घायलों के बयान पर एक दर्जन भर लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।