शादी से मना किया तो जबरन स्प्रे पिलाया, विधवा की मौत, मामला दर्ज
रखी दादरी दादरी जिला के बाढड़ा उपमंडल के गांव बेरला में शादी कर
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
दादरी जिला के बाढड़ा उपमंडल के गांव बेरला में शादी करने से मना करने पर एक व्यक्ति ने एक विधवा महिला को जहरीला पदार्थ पिला दिया। जिससे महिला की मौत हो गई। मृतका की बहन के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयान में तोशाम के गांव बागनवाला मोड़ निवासी पिकी ने बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी करीब 15 साल पहले दादरी जिला के गांव बेरला निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। करीब चार साल पहले उनके पति की मौत हो गई थी। जिसके बाद से उसकी बहन अपनी सास व बच्चों के साथ खेत में बने मकान में ही रहती थी। पिकी ने बताया कि वह 5 अक्टूबर को अपनी बहन के घर आई थी। पिकी के अनुसार गांव बेरला का ही एक व्यक्ति उसकी बहन से शादी करने की बात कहता था। लेकिन उनकी बहन हमेशा मना करती थी। पिकी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को वह अपनी बहन के साथ खेतों में से कपास चुग कर घर आई थी। देर रात करीब साढ़े 10 बजे उसने देखा कि उक्त व्यक्ति ने उनकी बहन को जान से मारने की नीयत से स्प्रे पिला दिया। जिसके प्रभाव से वह बेहोश होकर गिर गई। पिकी ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने उसे भी देख लिया, जिसके बाद वह उसके आगे हाथ जोड़ कर मिन्नतें करने लगा। उसके बाद उक्त व्यक्ति तथा वह उसकी बहन को बाइक पर बैठाकर बाढड़ा ले आए। यहां से उक्त व्यक्ति ने उसे तथा उसकी बहन को एंबुलेंस से भिवानी के सरकारी अस्पताल में भेज दिया। जहां पर चिकित्सकों ने उनकी बहन को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद एफएसएल टीम को भी निरीक्षण के लिए बुलाया गया। बाढड़ा पुलिस न मृतका की बहन पिकी के बयान के आधार पर भादंस 302, 328 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।