विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में कैसे होगी गेहूं-सरसों की खरीद? कई जिलों में ट्रांसपोर्ट के टेंडर अटके, बायोमैट्रिक का हो रहा विरोध

Published: Fri, 27 Mar 2026 08:50 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 27 Mar 2026 08:57 AM (GMT+05:30)

हरियाणा में रबी सीजन की खरीद शुरू होने वाली है। सरसों एमएसपी से ऊपर 6500-7000 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है, जिससे सरकारी खरीद प्रभावित हो सकती है।

सरसों एमएसपी से ऊपर, निजी खरीद हावी। फाइल फोटो

सरसों एमएसपी से ऊपर, निजी खरीद हावी। फाइल फोटो

HighLights

  1. सरसों एमएसपी से ऊपर, निजी खरीद हावी

  2. गेहूं खरीद में बारदाने, सुविधाओं की कमी

  3. नए बायोमेट्रिक नियमों का किसान-आढ़ती विरोध

जागरण संवाददाता, हिसार/पानीपत। प्रदेश में रबी सीजन 2026-27 के तहत सरसों की सरकारी खरीद 28 मार्च यानी कल से शुरू होनी है, लेकिन उससे पहले ही प्रदेश की मंडियों में सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य से ऊपर 6500 से 7000 रुपये तक बिक रही है और प्राइवेट खरीद हावी है।

इसके उलट एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद से पहले कई जिलों में बारदाना तक उपलब्ध नहीं हुआ है। उठान व ट्रांसपोर्ट के टेंडर लंबित हैं और स्टाफ की कमी है। करनाल, कैथल, यमुनानगर व कुरुक्षेत्र की मंडियों में सड़कों, सफाई, पानी और लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं अधूरी हैं। जबकि बायोमैट्रिक, ट्रैक्टर-ट्राली फोटो और डिजिटल कांटे जैसे नए नियमों पर किसान व आढ़ती विरोध जता रहे हैं। बंपर उत्पादन के अनुमान के बीच खरीद सीजन की शुरुआत में अव्यवस्था और असंतोष बढ़ रहा है।

सरसों में बाजार भाव हावी, सरकारी खरीद पर असर

प्रदेश के कई जिलों में सरसों की प्राइवेट खरीद 6500 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल तक हो रही है। फतेहाबाद, कैथल, भिवानी और चरखी दादरी में किसानों को समर्थन मूल्य से 500 से 800 रुपये तक अधिक भाव मिला। रोहतक में नमी के आधार पर 6050 से 6350 रुपये तक बोली लगी, जबकि पानीपत में 5700 से 6100 रुपये तक रेट दर्ज किए गए। ऊंचे बाजार भाव के चलते मंडियों में प्राइवेट खरीद सक्रिय है और सरकारी खरीद में आवक सीमित रहने के संकेत हैं।

व्यवस्था में कमी: कई जिलों में मंडी तक आने वाली सड़कें भी टूटी पड़ीं

यमुनानगर, कैथल और कुरुक्षेत्र में बारदाना नहीं पहुंचा और उठान व ट्रांसपोर्ट के टेंडर लंबित हैं। करनाल मंडी में सड़कें टूटी हैं, गंदगी के ढेर हैं और पानी व लाइट की सुविधा अधूरी है। भिवानी में शेड खाली नहीं होने से फसल रखने की समस्या है। झज्जर, अंबाला और करनाल में स्टाफ की कमी के चलते खरीद प्रबंधन प्रभावित होने की स्थिति है।

नई गाइडलाइन पर विरोध तेज

मंडी में प्रवेश के लिए बायोमैट्रिक सत्यापन, ट्रैक्टर-ट्रॉली की फोटो, नंबर प्लेट और डिजिटल कांटे अनिवार्य किए गए हैं। झज्जर, जींद, करनाल और अंबाला में आढ़ती संगठनों ने प्रक्रिया को जटिल बताया है। किसान संगठनों ने भी आपत्ति उठाते हुए ज्ञापन सौंपे हैं।

नमी अधिक, गुणवत्ता पर उठेंगे सवाल

सरसों में 8 प्रतिशत और गेहूं में 12 प्रतिशत नमी की सीमा तय है, जबकि कई मंडियों में इससे अधिक नमी दर्ज की जा रही है। किसान फसल सुखाने को मजबूर हैं, हालांकि प्राइवेट खरीद में नमी के बावजूद ऊंचे भाव मिल रहे हैं। इससे सरकारी खरीद में गुणवत्ता को लेकर विवाद की स्थिति बन सकती है।

प्रशासन ने दिए समय पर प्रबंध के निर्देश

फतेहाबाद के उपायुक्त डा. विवेक भारती ने बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। अन्य जिलों में भी उपायुक्त स्तर पर लगातार समीक्षा बैठकों के साथ खरीद एजेंसियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जानें... इस बार के बदलाव

  • डिजिटल निगरानी: बिना वैध नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर-ट्राली को प्रवेश नहीं मिलेगा, गेट पर वाहन की फोटो लेंगे।
  • जियो-फेंसिंग: ई-खरीद पोर्टल को जियो-फेंसिंग तकनीक से जोड़ा गया है, ताकि गेट पास और आई-फार्म केवल मंडी परिसर के भीतर ही जेनरेट हो सकें।
  • बायोमेट्रिक हाजिरी: पारदर्शिता के लिए किसानों व संबंधित पक्षों की बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था की है।
  • मंडियों की संख्या और एजेंसियां

कुल मंडियां/खरीद केंद्र: गेहूं की खरीद के लिए 416 केंद्र बनाए गए हैं। अन्य फसलों (सरसों, जौ आदि) के लिए हैफेड के पास 367 मंडियों का नेटवर्क है।

जानें... फसल खरीद लक्ष्य एवं उत्पादन अनुमान (2026-27)

  • गेहूं: प्रदेश में लगभग 70 लाख मीट्रिक टन गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य है। कुल उत्पादन 114.62 लाख मीट्रिक टन होने का अनुमान है।
  • सरसों: उत्पादन लक्ष्य 13.17 लाख मीट्रिक टन है। पिछले साल (2024-25) 8.12 लाख मीट्रिक टन की खरीद हुई थी।
  • अन्य फसलें: सूरजमुखी का उत्पादन 0.70 लाख मीट्रिक टन और ग्रीष्मकालीन मूंग का 98 हजार मीट्रिक टन रहने का अनुमान है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।