आंखों में पिता की याद, हाथों में देश की उम्मीद... 15 दिन पहले खोया पापा को; अब भिवानी में तिरंगा लहराने उतरेंगी प्रिया
पिता के निधन के महज 15 दिन बाद प्रिया श्योराण भुवनेश्वर में होने वाली बिम्सटेक चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

दिल में पिता की तस्वीर और आंखों में तिरंगा... भुवनेश्वर में पापा का सपना पूरा करेगी प्रिया।
HighLights
पिता के निधन के 15 दिन बाद प्रिया खेलेंगी
भुवनेश्वर बिम्सटेक चैंपियनशिप में डिस्कस थ्रो में प्रतिनिधित्व करेंगी
पिता का सपना पूरा करने और पदक जीतने का संकल्प
सुरेश मेहरा, भिवानी। जिस पिता की उंगली थामकर कभी प्रिया ने मैदान में कदम रखा था, आज वही पिता उसके साथ नहीं हैं। मैदान वही है, सपना वही है और बेटी का हौसला पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।
10 नवंबर को सब-इंस्पेक्टर पिता अनूप कुमार के निधन के महज 15 दिन बाद प्रिया भुवनेश्वर के अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरेंगी। आंखों में पिता की याद होगी और दिल में उनका अधूरा सपना पूरा करने का संकल्प। प्रिया कहती हैं पापा ने मुझे उड़ना सिखाया है, अब मैदान में उड़कर दिखाऊंगी। मेरा हर मेडल उनके नाम होगा।
वकील कालोनी सिवानी मंडी की रहने वाली प्रिया श्योराण का चयन एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया (एएफआई) द्वारा 25 से 27 नवंबर तक भुवनेश्वर ओडिशा में होने वाली बिम्सटेक चैंपियनशिप के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम में हुआ है। इंडियन एथलेटिक्स टीम में कुल 95 एथलीट खिलाड़ी शामिल हैं।
इनमें एथलेटिक्स हरियाणा के 12 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में जगह बनाई है। वह डिस्कस थ्रो स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। बिम्सटेक चैंपियनशिप में भारत के साथ-साथ बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, भूटान, म्यांमार और थाईलैंड जैसे देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
पिता की सीख बनी सबसे बड़ी ताकत
अनूप कुमार बेटी को बचपन से खेल के मैदान तक लेकर जाते थे। उनकी सीख थी कि मैदान में पसीना बहाओगी तो एक दिन देश तुम्हारा नाम लेगा। पिता के अचानक निधन ने प्रिया को भीतर तक तोड़ दिया, लेकिन उन्होंने अभ्यास नहीं छोड़ा है।
उनका कहना है कि अब हर थ्रो पिता के नाम होगा। प्रिया कहती हैं पिताजी कहते थे कि मेहनत से कभी डरना नहीं। आज वे मेरे साथ नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद मेरे साथ है। जब भुवनेश्वर में मैदान में उतरूंगी तो महसूस होगा कि पिताजी स्टैंड में बैठकर मुझे देख रहे हैं।
हरियाणा के 12 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक के अनुसार भारतीय टीम में हरियाणा के पांच पुरुष और सात महिला एथलीट शामिल हैं। इनमें प्रिया के अलावा विभिन्न स्पर्धाओं में हितेश, सोहित, अतुल, आदित्य, रमिकेश, अंशु धनखड़, रिया वर्मा, पूनम, दीपिका, ज्योति और तमन्ना शामिल हैं।
एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह और एएफआई ग्रीवेंस कमेटी सदस्य राजकुमार मिटान ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। मीडिया प्रभारी सतबीर धनखड़ कहते हैं सिवानी मंडी की बेटी के लिए यह चैंपियनशिप सिर्फ पदक की लड़ाई नहीं, पिता से किया वादा निभाने का मैदान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।