रोष प्रदर्शन : कालोनी के साथ लगते क्षेत्र को नियमित न करने से क्षुब्ध लोगों ने किया रोष प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी शहर की प्रेमनगर कालोनी में व्याप्त कई जन समस्याओं का समाधान ना ह
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी शहर की प्रेमनगर कालोनी में व्याप्त कई जन समस्याओं का समाधान ना होने से क्षुब्ध यहां के लोगों ने मंगलवार को ढाणी रोड पर प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी मांगों का ज्ञापन जिला उपायुक्त को भी सौंपा। कालोनी के लोगों ने कहा कि गांव ढाणी फौगाट सीमा के साथ लगती आबादी वाले क्षेत्र को नियमित कालोनी का दर्जा दिया जाए और इस कालोनी में सभी मुख्य मार्गो जो कच्चे व उबड़-खाबड़ और कीचड़ युक्त हैं उनको पक्का करवाने, सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त करवाने की मांग भी उपायुक्त से की गई है। इन मांगों को लेकर वे पहले भी प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि काफी समय से मकानों व अन्य रिहायशी इलाके की रजिस्ट्रियों को बंद किया हुआ है। यह प्रक्रिया भी जल्द आरंभ की जानी चाहिए। यहां के वासी अभी तक नगर परिषद चुनावों में वोट का प्रयोग करते आए हैं। यह मतदान का अधिकार प्रेम नगर वार्ड नंबर तीन में ही रखा जाना चाहिए और प्रेम नगर कालोनी का लाल डोरा क्षेत्र बढ़वाने के लिए भी कदम उठाए जाएं। धरना दे रहे कृष्ण फौगाट, सुनील नंबरदार, जगदेव सिंह कलकल, महेंद्र डूडी, जयसिंह फौगाट, नरेश पहलवान, जयप्रकाश, रणबीर सिंह डागर, ईश्वर, भरत सिंह, सत्यप्रकाश इत्यादि ने कहा कि पिछले लंबे समय से यहां के नागरिक उपरोक्त मांगों को उठा रहे हैं। कर्मचारियों व अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। इस मामले में वे पूर्व विधायक एवं हाउसिग बोर्ड के चेयरमैन राजदीप फौगाट से भी मिल चुके हैं। अब नागरिकों ने अपने परिवार के भविष्य देखते हुए मजबूरी में यह धरना आरंभ किया है। जब तक उपरोक्त मांग पूरी नहीं होती प्रदर्शन जारी रहेगा। इस क्षेत्र की सीमा के दादरी क्षेत्र में लाने बारे गांव ढाणी फौगाट की पूर्व पंचायतों ने कई बार प्रस्ताव भी दिए हैं।