भिवानी मंडी में सरसों की गुणवत्ता जांच पर विवाद, किसानों ने प्राइवेट लैब पर उठाए सवाल; निष्पक्ष जांच की मांग
भिवानी मंडी में सरसों की गुणवत्ता जांच को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। किसान निजी लैब की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए।

भिवानी मंडी में सरसों गुणवत्ता जांच पर किसानों का विवाद। फाइल फोटो
HighLights
भिवानी मंडी में सरसों गुणवत्ता जांच पर किसानों का विवाद
किसान निजी लैब की पारदर्शिता पर उठा रहे गंभीर सवाल
निष्पक्ष जांच हेतु सरकारी लैब शुरू करने की किसानों की मांग
जागरण संवाददाता, भिवानी। सरसों की आवक के साथ ही गुणवत्ता जांच को लेकर मंडी में विवाद खड़ा हो गया है। किसानों ने नई अनाज मंडी में संचालित प्राइवेट लैब की कार्यप्रणाली पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया है कि जांच में पारदर्शिता की कमी है, जिससे उन्हें उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिल पा रहा।
प्राइवेट लैब से जांच करवाने पर सरसों की गुणवत्ता पर किसानों को संदेह है। किसानों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सरकारी लैब को चालू किया जाए ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। किसानों का कहना है कि प्राइवेट लैब की दी जा रही रिपोर्ट पर भरोसा करना मुश्किल हो रहा है।
कई किसानों ने आरोप लगाया कि एक ही तरह की फसल के अलग-अलग सैंपल में भिन्न-भिन्न गुणवत्ता रिपोर्ट दी जा रही है। इससे मंडी में भ्रम की स्थिति बनी हुई है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंडी में मौजूद आढ़तियों और व्यापारियों का कहना है कि यदि सरकारी लैब शुरू हो जाती है तो किसानों के भरोसा और अविश्वास की स्थिति काफी हद तक खत्म हो सकती है।