मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना को उमड़े श्रद्धालु
जागरण संवाददाता चरखी दादरी इन दिनों दादरी जिले के शहरी व ग्रामीण आंचल में चैत्र नवरा
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
इन दिनों दादरी जिले के शहरी व ग्रामीण आंचल में चैत्र नवरात्रों की धूम है। मां दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामनाएं कर रहे हैं। मंदिरों में मां दुर्गा का भव्य श्रृंगार किया गया है जो श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। नवरात्रों के तीसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने मां चंद्रघंटा की पूजा की। अलसुबह ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। शहर स्थित प्राचीन मां दुर्गा मंदिर, रामलीला ग्राउंड स्थित मां भगवती मंदिर, श्री बालावाला मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, हरिओम आश्रम सहित सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां चंद्रघंटा की ज्योति प्रज्ज्वलित कर मन्नतें मांगी।
बालावाला आश्रम के महंत सच्चानाथ ने कहा कि मां दुर्गा की तीसरी शक्ति चंद्रघंटा बुराई के प्रति शंखनाद का प्रतीक है। मस्तक पर घंटे के आकार का अर्द्ध चंद्रमा होने के कारण इन्हें चंद्रघंटा देवी कहा जाता है। दस हाथों वाली मां का मुख स्वर्ण आभा युक्त है। उनके प्रत्येक हाथ में अस्त्र-शस्त्र हैं और वे सिंह पर आरूढ़ हैं। मां का दिव्य रूप हमें जीवन के रण में विजयी बनाने का सूत्र प्रदान करता है। बुराईयों को मिटा कर सच्चाई की स्थापना करनी चाहिए। महिलाएं पारम्परिक परिधानों में सजधज कर मां दुर्गा पूजन कर रही हैं। वहीं नवरात्रों के उपलक्ष्य में सत्संग कार्यक्रम भी जगह-जगह आयोजित हो रहे हैं।