हरियाणा: भैंस के गोबर करने पर हुए विवाद में व्यक्ति की हत्या, भिवानी में ग्रामीणों ने शव रखकर 18 घंटे लगाया जाम
चरखी दादरी के महराणा गांव में भैंस के गोबर को लेकर हुए विवाद में घायल मनोज की पीजीआई रोहतक में मौत हो गई। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 18 घंटे तक शव रखकर रोड जाम किया, जिसे विधायक के आश्वासन पर खोला गया।
-1795600479369_m.webp)
ग्रामीणों को समझाते हुए पुलिसकर्मी (जागरण फोटो)
HighLights
भैंस के गोबर विवाद में मनोज की पीजीआई में मौत
आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर 18 घंटे रोड जाम
विधायक उमेद पातुवास के आश्वासन पर धरना समाप्त
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। चरखी दादरी जिले के गांव महराणा में गेट के बाहर भैंस के गोबर करने को लेकर उपजा विवाद व्यक्ति की हत्या तक पहुंच गया। विवाद में घायल मनोज (37) सोमवार को रोहतक पीजीआइ में जिंदगी की जंग हार गया।
वहीं हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वजनों ने रातभर धरना दिया जबकि 18 घंटे तक शव धरनास्थल पर ही रखा। मंगलवार सुबह 11 बजे विधायक उमेद पातुवास ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर पुलिस प्रशासन से आश्वासन दिलाकर रोड जाम खुलवाया।
बता दें कि गांव महराणा में एक मकान के गेट के बाहर भैंस के गोबर करने पर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। 20 नवंबर को दिन के समय मामला शांत हो गया था, लेकिन इसी रंजिश को लेकर रात के समय आरोपित पक्ष के लोगों ने मनोज पर हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सोमवार को पीजीआइ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इसके बाद ग्रामीणों में रोष देखने को मिला। ग्रामीण एंबुलेंस सहित शव को लेकर दादरी-सेहलंगा रोड पर पहुंचे और वहां शाम पांच बजे जाम लगा दिया। मामले में पांच नामजद सहित अन्य लोगों पर भी हमले के आरोप हैं।
मनोज की मौत के बाद ग्रामीणों ने सभी आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया। पुलिस ने रात को आश्वासन भी दिया कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन ग्रामीण नहीं माने और अपनी मांग पर अड़े रहे।
दो डीएसपी व सीआइए टीम डटी रही धरनास्थल पर
मंगलवार सुबह डीएसपी हैडक्वार्टर धीरज कुमार, डीएसपी साहिल ढिल्लो, सीआइए इंचार्ज कप्तान सिंह सहित गुप्तचर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का आरोप था कि मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें से तीन को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया गया।
आस-पास के गांवों के लोग पहुंचे मौके पर
मंगलवार सुबह धरने पर लोगों की संख्या बढ़ने लगी थी और आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग समर्थन में मौके पर पहुंचे। उसी दौरान बाढड़ा विधायक उमेद सिंह पातुवास ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी बात सुनी। विधायक ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत कर मामले में आरोपितों की तीन दिन के अंदर गिरफ्तारी करवाने का ठोस आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण जाम खोलने के लिए सहमत हुए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।