132 केवी हालुवास फेल, आधे शहर में सात घंटे तक गुल रही बिजली
जागरण संवाददाता भिवानी हालुवास 132 केवी फेल होने से करीब आधे शहर में बिजली सप्लाई स
जागरण संवाददाता, भिवानी :
हालुवास 132 केवी फेल होने से करीब आधे शहर में बिजली सप्लाई सात घंटे तक गुल रही। इससे करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित रही और रोजमर्रा के कार्य ठप होकर रह गए। बिजली आपूर्ति के लिए अधिकारियों के मोबाइल घनघनाते रहे। बिजली सुबह साढ़े पांच बजे से दोपहर बाद करीब साढे बारह बजे बहाल हो पाई। एचवीपीएन (हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम) कर्मचारियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आपूर्ति को बहाल किया।
टावर नंबर 119 में आया फाल्ट
एचवीपीएन के अधिकारियों के अनुसार रविवार सुबह करीब सवा पांच साढ़े पांच बजे 132 केवी हालुवास की टावर नंबर 119 पर अचानक फाल्ट आ गया। जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों ने करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की।
यह इलाके रहे प्रभावित
एचवीपीएन 132केवी हालुवास में फाल्ट आने पर दादरी गेट, हालुवास गेट, हनुमान गेट, टीबा बस्ती, हालु बाजार, हनुमान ढाणी, पीपली वाली जोहड़ी आदि इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित रहने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा।
तकनीकी गड़बड़ी आने से आया फाल्ट
तकनीकी गड़बड़ी आने से सुबह करीब साढे पांच बजे फाल्ट हो गया था। इसे ठीक करा दिया गया था और बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई। कर्मचारियों की टीम ने लगातार कई घंटे की मशक्कत के बाद सप्लाई चालू की।
प्रदीप कुमार, अभियंता
एचवीपीएन।