यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हरी लकड़ियों की हो रही तस्करी, प्रशासन बेखबर
हरियाली बचाने के अभियान ढिगावा मंडी क्षेत्र में काम नहीं आ रहे ह

संवाद सूत्र, ढिगावा मंडी : हरियाली बचाने के अभियान ढिगावा मंडी क्षेत्र में काम नहीं आ रहे हैं। हरियाली पर यहां आरी खूब चल रही है। यहां पूरे दिन हरी लकड़ियों से भरे हुए वाहन आते जाते आसानी से देखे जा सकते हैं। ज्यादातर हरी लकड़ी राजस्थान राज्य से आ रही हैं। लोहारू वन विभाग व पुलिस की आंखों के सामने से हरी लकडि़यों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली, ट्रक आदि दिन रात निकल रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं। क्षेत्र के साथ लगते राजस्थान राज्य में वृक्षों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। हरियाली गायब हो रही है। इधर सरकार पौधारोपण कार्यक्रम चलाकर वृक्षों को बचाने में लगी है।
लकड़ी माफिया विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों से वृक्षों का सौदा कर लेते हैं। चोरी छिपे वृक्षों को कटवाकर आरा मशीनों तक पहुंचा देते हैं। वृक्षों पर कुल्हाड़ी, आरी चलाकर थोड़े से लालच की खातिर हरियाली को खत्म करने पर लगे हैं। गांव सिघानी में दिल्ली पिलानी नेशनल हाईवे 709, स्टेट हाईवे लोहारू सिवानी रोड पर तो जगह-जगह कटी हुई हरी लकडि़यों के अंबार लगे हुए हैं। ये सब प्रशासन की आंखों के सामने हो रहा है। बिना नंबर प्लेट व काली फिल्म लगे हुए होते हैं वाहन
लकड़ी माफिया पिकअप वाहनों में ज्यादातर हरी लकड़ी राजस्थान से ला रहे हैं, ज्यादातर वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगी होती है, यहां तक कि उन वाहनों की नंबर प्लेट तक नहीं होती। एक साथ 20 से 30 पिकअप वाहन तेजी से निकलते हैं। विभाग की कार्रवाई केवल खानापूर्ति
पर्यावरण प्रेमियों ने बताया कि लोग जगह-जगह पौधारोपण करते हैं और प्रकृति संरक्षण के लिए जागरूक करते हैं। प्रकृति में इसी तरह वृक्षों की संख्या कम होती रही तो जानवर, पक्षी, पशु आदि के लिए मुश्किल होगी। हाईवे किनारे ही वन विभाग कार्यालय है, जिसके सामने से दिन रात लकड़ियों से भरे ट्रैक्टर ट्राली गुजर रहे हैं। कस्बे में दिनरात राजस्थान से हजारों टन लकडिय़ों काटकर लाई जा रही हैं। यही नहीं मुख्य रास्तों पर लकड़ी से भरे वाहनों के कारण कभी-कभी जाम की स्थिति बन जाती है। वन विभाग प्रशासन को इसकी जानकारी भी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर दी जाती है। वाहनों चालकों को खिलाफ होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों के साथ टीम गठित कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। काली फिल्म लगाना व नंबर प्लेट ना लगाना कानून के खिलाफ है, ऐसी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगातार की जारी पेट्रोलिंग : पिलानिया
रेंज फोरेस्ट आफिसर ओमप्रकाश पिलानिया ने बताया कि राजस्थान से आ रही हरि लकड़ियों को पकड़ने के लिए हमारी टीम द्वारा लगातार पेट्रोलिग कर रही है, लकड़ी की तस्करी पर रोक लगाने के लिए और टीमें बनाई जाएंगी ताकि तस्करी को रोका जा सके।
