मसूरी की ट्रेनिंग में शुरू हुई प्रेम कहानी, अब शादी के बंधन में बंधेंगे IAS विवेक आर्या और IPS अदिति सिंह
हरियाणा कैडर के आईएएस विवेक आर्य और यूपी निवासी आईपीएस अदिति सिंह 15 नवंबर को पंचकूला में आर्य समाज रीति-रिवाज से शादी करेंगे।

आईएएस विवेक आर्य और आईपीएस अदिति सिंह 15 नवंबर को पंचकूला में करेंगे शादी।
HighLights
आईएएस विवेक आर्य, आईपीएस अदिति सिंह 15 नवंबर को शादी करेंगे।
शादी की तारीख बिना पंचांग के आर्य समाज रीति से तय।
अदिति सिंह को शादी के बाद मिला हरियाणा कैडर।
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी/बाढड़ा। चरखी दादरी जिले के गोपी गांव निवासी एवं हरियाणा कैडर के आईएएस विवेक आर्य और यूपी निवासी आईपीएस अदिति सिंह 15 नवंबर को पंचकूला में सात फेरे लेंगे।
शुक्रवार को पैतृक गांव गोपी में घुड़चढ़ी की रस्म संपन्न हुई। खास बात यह है कि शादी की तारीख बिना पंचांग के तय हुई है और विवाह आर्य समाज की परंपरा अनुसार सादगीपूर्वक संपन्न होगा। फिलहाल दादरी जिले में इस शादी की चर्चा जोरों पर है।
बता दें कि विवेक आर्य सरकारी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण कर आईएएस पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने पांचवी कक्षा बेरला के राजकीय स्कूल से पास की थी जबकि छठी से 12वीं कक्षा की पढ़ाई सैनिक स्कूल कुंजपुरा से पूरी की।
इसके बाद चंडीगढ में शिक्षा ग्रहण करने के बाद उन्होंने यूपीएएस परीक्षा में 131वी रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया। मसूरी के लाल बहादुर शास्त्री नेशनल प्रशिक्षण एकेडमी में प्रशिक्षण के दौरान उनकी मुलाकात उत्तर-प्रदेश के मेरठ निवासी और हिमाचल-प्रदेश कैडर की आईपीएस अदिति सिंह से हुई थी।
अब दोनों 15 नवंबर को सात फेरे लेंगे। फिलहाल दोनों ही पंचकूला में तैनात हैं। वीरवार शाम बाढड़ा में प्रतिभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कई राजनेताओं व आईपीएस समेत एचसीएस अधिकारी शामिल हुए।
शादी के कारण अदिति सिंह को मिला हरियाणा कैडर
अदिति सिंह मूलरूप से मेरठ की रहने वाली हैं। वर्ष 2020 में वो यूपीपीएससी परीक्षा में 54वीं रैंक लेकर एसडीएम बनी थीं। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 679वीं रैंक हासिल की और आईपीएस बनीं। उन्हें हिमाचल-प्रदेश कैडर मिला था और हरियाणा कैडर के आईएएस विवेक आर्य से शादी तय होने पर उन्हें हरियाणा कैडर मिला।