दिल्ली से BSc और लंदन में मेरिट के साथ IT की मास्टर डिग्री, कौन है साधारण परिवार में जन्मा हरियाणा का ये होनहार
चरखी दादरी के गजेश मेहरा ने लंदन यूनिवर्सिटी से मास्टर्स इन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट (आईटी) में मेरिट हासिल कर परिवार का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि वर्षों की लगन का परिणाम है, जिससे उनके माता-पिता का लंदन वीजा भी स्वीकृत हुआ।

मास्टर्स इन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट आईटी की डिग्री हासिल करने के बाद गजेश मेहरा। (बीच में)
HighLights
गजेश मेहरा ने लंदन यूनिवर्सिटी से मास्टर्स में मेरिट हासिल की।
चरखी दादरी के साधारण परिवार से आकर यह मुकाम पाया।
उनकी सफलता से माता-पिता का लंदन वीजा स्वीकृत हुआ।
जागरण संवाददाता, भिवानी। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के होनहार ने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो कि युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। गांव बेरला के साधारण परिवार में जन्मे गजेश मेहरा ने सात समंदर पार अपनी मेहनत का परचम लहराया।
गजेश ने लंदन यूनिवर्सिटी से मास्टर्स इन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट (आईटी) में मेरिट हासिल कर परिवार, गांव, जिला और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों की लगन, अनुशासन और माता-पिता के संस्कारों की कहानी है।
उन्होंने पहले दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी केमिस्ट्री की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए लंदन का रुख किया। वहां प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और आईटी जैसे प्रतिस्पर्धी क्षेत्र में मास्टर्स के दौरान मेरिट हासिल कर अपनी प्रतिभा साबित की है।
बेटे की सफलता, माता-पिता के लिए सबसे बड़ा गर्व
हर माता-पिता का सपना होता है कि उनका बेटा शिक्षा हासिल कर अपने पैरों पर खड़ा हो और जीवन में अपनी पहचान बनाए। गजेश की सफलता ने उनके माता-पिता के इस सपने को साकार किया है। बेटे की उपलब्धि की खुशी उस समय और बढ़ गई, जब सुरेश मेहरा और उनकी पत्नी शीला देवी का लंदन का वीजा भी स्वीकृत हो गया है।