विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगा 3 लाख का अनुदान, योजना के लिए कैसे करें अप्लाई?

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:00 PM (IST)

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने हरियाणा में अनुसूचित जाति के किसानों के लिए ट्रैक्टर अनुदान योजना शुरू की है।

हरियाणा में ट्रैक्टर खरीदने के लिए मिलेगा अनुदान (फाइल फोटो)

हरियाणा में ट्रैक्टर खरीदने के लिए मिलेगा अनुदान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एससी किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर 3 लाख अनुदान।

  2. आवेदन 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक, ड्रा से चयन।

  3. 45 एचपी से अधिक ट्रैक्टर पर मिलेगी सब्सिडी।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने ट्रैक्टर अनुदान योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। वर्ष 2026-27 के लिए पात्र किसान 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। योजना के तहत 45 हार्स पावर या इससे अधिक क्षमता का ट्रैक्टर खरीदने पर तीन लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा।


कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसान का हरियाणा निवासी और अनुसूचित जाति वर्ग से होना अनिवार्य है।

इसके अलावा किसान का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना चाहिए। आवेदक के पास कृषि भूमि का स्वामित्व होना भी जरूरी है। परिवार पहचान पत्र के तहत परिवार के किसी भी सदस्य के नाम दर्ज कृषि भूमि को भी इसके लिए मान्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डाट एग्री हरियाणा डाट जीओवी डाट इन पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

लाभार्थियों का चयन उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति ड्रा के माध्यम से करेगी। चयन के बाद ट्रैक्टर खरीदने और उसका भौतिक सत्यापन होने पर अनुदान राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए बैंक खाता मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत होना जरूरी है।

पांच साल तक नहीं बेच सकेंगे ट्रैक्टर

योजना की शर्तों के अनुसार जिन किसानों ने पिछले पांच वर्षों में विभाग की किसी भी योजना के तहत ट्रैक्टर खरीद पर अनुदान लिया है, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगे।

वहीं, अनुदान पर खरीदे गए ट्रैक्टर को खरीद की तारीख से पांच वर्ष तक बेचा नहीं जा सकेगा। योजना से संबंधित जानकारी और आवेदन में सहायता के लिए किसान सहायक कृषि अभियंता कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में मिलेगी मदद: डॉ.चंद्रभान

वरिष्ठ कृषि विषय विशेषज्ञ डा.चंद्रभान श्योराण ने बताया कि खेती में मजदूरों की कमी के चलते कृषि यंत्रों की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है।

ऐसे में अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को अनुदान पर ट्रैक्टर उपलब्ध करवाने से वे आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपना सकेंगे। इससे खेती की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी। साथ ही खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों के गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।