हरियाणवी गायक पर रास्ता रोककर किया जानलेवा हमला
जागरण संवाददाता,भिवानी : गांव बड़ेसरा में शनिवार शाम को दूध लेकर लौट रहे हरियाणवी गा
जागरण संवाददाता,भिवानी : गांव बड़ेसरा में शनिवार शाम को दूध लेकर लौट रहे हरियाणवी गायक का रास्ता रोककर करीब 12 लोगों ने जानलेवा हमला किया। वहीं बीच-बचाव के लिए आए उसके बड़े भाई पर भी हमला कर दिया। हमले की वजह पुरानी रंजिश है। इसमें घायल दोनों भाइयों को उपचार के लिए चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसका उपचार आरंभ करके इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मामले में कार्रवाई आरंभ कर दी है।
गांव बड़ेसरा निवासी राजेश उर्फ आरजे बड़गुर्जर ने बताया कि वह शनिवार शाम को घर के पास से ही दूध लेकर आ रहा था। जब वह वापस आ रहा था तो पड़ोस के ही करीब 12 लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। उक्त लोगों के हाथों में लोहे की रॉड, लाठी-डंडे व फर्से थे। उक्त लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। राजेश ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने उस पर जान से मारने के मकसद से ही हमला किया था। वह बचने के लिए घर में घुस गया। लेकिन उक्त लोग उसके पीछे-पीछे घर में घुसकर भी मारपीट की। उसके बड़ा भाई नरेश ने भी गांव में ही परचून की दुकान की हुई है। झगड़े का पता लगते ही नरेश भी बीच-बचाव के लिए वहां पर आ गया। इस दौरान उक्त लोगों ने नरेश के साथ भी मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त लोग उसे अधमरा करके चले गए। उक्त लोगों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। राजेश ने बताया कि उक्त लोगों ने उसके हाथ-पांव पर गंभीर चोटें मारी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन माह पहले उक्त लोगों ने उनके परिवार के ही एक युवक से मारपीट की थी, जिसे लेकर पुलिस केस भी हुआ। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। यह हमला भी उक्त लोगों ने रंजिश के चलते ही किया है।