किसानों पर दर्ज मुकदमें वापस ले सरकार, किसी भी सूरत में सहन नहीं होंगी ज्यादतियां : किरण
जागरण संवाददाता चरखी दादरी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी ने मुख्यमंत्री के गृह जिले में किसानों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के प्रयोग की निदा की है। उन्होंने किसानों पर दर्ज मुकदमों को तुरंत वापस लेने की मांग की है। किरण चौधरी ने कहा कि किसान पर अत्याचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। सोमवार को यहां जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि कैमला गांव में किसान पंचायत में शांतिपूर्वक ढंग से अपनी बात रखने के लिए जा रहे किसानों पर पुलिस ने लाठियां बरसाई। आंसू गैस छोड़ी और कड़ाके की ठंड में पानी की बौछार की। ऐसे ²श्य देख कर हर देश वासी का मन व्यथित है। किसानों पर इतना अत्याचार करने के बावजूद निष्ठुर हरियाणा सरकार ने किसानों पर ही एफआइआर दर्ज कर दी। सरकार की ये हरकतें अंग्रेजों के जुल्मों की याद दिलाती हैं। राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की पूर्व नेता किरण चौधरी ने भाजपा-जजपा की गठबंधन सरकार को चेतावनी दी कि सरकार तत्काल किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस ले। ऐसा नहीं किया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि अपने ही जिले में जब मुख्यमंत्री का इतना विरोध हो रहा है तो उन्हें समझ जाना चाहिए कि जनादेश उनके साथ नहीं है। मुख्यमंत्री के अलावा किसान उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों के अलावा भाजपा विधायकों का भी लगातार विरोध कर रहे हैं। गठबंधन से जनता का विश्वास उठ चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी पलटवार किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि कैमला गांव की घटना के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। किरण चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान उनकी बौखलाहट को दर्शाता है। तोशाम से विधायक किरण चौधरी ने कहा कि किसानों आंदोलन आजादी के बाद का सबसे बड़ा जन आंदोलन का रूप ले चुका है। केंद्र सरकार को तीनों कानूनों को अब हर हाल में वापस लेना ही होगा।