हलवासिया स्कूल के सामने लगे कूड़े के अम्बार
हालवासिया विद्या विहार स्कूल के सामने कूड़े का अम्बार लगा हुआ है। यहां पर डस्टबिन होने के बावजूद कुछ लोग सड़क के किनारे ही कूड़ा डाल रहे हैं।
जागरण संवाददाता, भिवानी : रोहतक गेट स्थित हालवासिया विद्या विहार स्कूल के सामने कूड़े का अम्बार लगा हुआ है। यहां पर डस्टबिन होने के बावजूद कुछ लोग सड़क के किनारे ही कूड़ा डाल रहे हैं। यहां साथ लगती दुकानों पर काम करवाने आए ग्राहकों ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है बल्कि लम्बे अर्से से यहां कूड़ा डाला जा रहा है। इस कूड़े में आवारा पशु भी मुंह मारते रहते हैं। हरियाणा सरकार स्वच्छता को लेकर लोगों को समय-समय पर जागरूक करती रही है, लेकिन लोग भी जागरूक होने की बजाए कूड़ा फैला रहे हैं।
दुकानदार रविद्र, कृष्ण, उमेश, राजेश ने बताया कि वह जैसे ही अपनी दुकान खोलते हैं तो उनके पास ही कूड़ा मिलता है। कूड़े से इतनी दुर्गंध आती है तो सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है। कई बार सीएम विडो पर शिकायत की जा चुकी है। अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया है। आजतक कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हुई। नप प्रशासन से आग्रह है यहां कूड़ा न फैले इसके लिए उचित प्रबंध किए जाएं।