कर्मयोगियों को मास्क और सैनिटाइजर किए वितरित
भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशन शर्मा व पार्टी के अनुसूचित वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तेजपाल चौहान ने दादरी शहर में बस स्टैंड के समीप कर्म योगियों को मास्क व सैनिटाइजर बांटे।
जागरण संवाददाता चरखी दादरी : भाजपा की ओर से इन दिनों कोविड 19 से बचाव के लिए बूथ स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मास्क व सैनिटाइजर वितरण के साथ लोगों को जरूरी जानकारियां दी जा रही हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशन शर्मा व पार्टी के अनुसूचित वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तेजपाल चौहान ने सोमवार अलसुबह दादरी शहर में बस स्टैंड के समीप अखबार पहुंचाने वाले कर्म योगियों को मास्क व सैनिटाइजर बांटे। उन्होंने कोरोना काल में भी अखबारों की निर्बाध सप्लाई के लिए कर्म योगियों की मेहनत और निष्ठा को सराहा। रामकिशन शर्मा ने कहा कि भाजपा हर हाल में प्रत्येक नागरिक को इस महामारी से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुंह पर मास्क लगाना, सैनिटाइजर का प्रयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कर्मयोगियों को जागरूक करते हुए कहा कि वे भी कोरोना से बचाव संबंधी जानकारियां आमजन तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर तेजपाल चौहान, भाजपा दादरी नगर मंडल अध्यक्ष नितेश ऐरन ने कहा कि कोरोना संक्रमण प्रसार को रोकना हम सबका सामूहिक उत्तरदायित्व है। इसे रोकने के लिए विशेष सावधानियां रखनी व नियमों की पालना करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब केवल अपनी सुरक्षा की ही बात नहीं है बल्कि दूसरों की सुरक्षा में सबकी सुरक्षा निहित है।
इस अवसर पर न्यूज पेपर एजेंट राकेश गुप्ता, जागरण के प्रसार प्रतिनिधि भरत कुमार, कर्मयोगी कपिल शर्मा, मुकेश गुप्ता, सन्नी, राकेश, आजाद, सतबीर, सोनू, संजय इत्यादि भी उपस्थित थे।