पंप के लिए नहीं मिला डीजल, चंपापुरी क्षेत्र में दूषित पानी का निकासी ठप
चरखी दादरी : दादरी शहर में हांफती सीवरेज व्यवस्था के चलते हालात निरंतर
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी शहर में हांफती सीवरेज व्यवस्था के चलते हालात निरंतर गंभीर बनते जा रहे हैं। स्थान-स्थान पर सीवरेज की लाइनें चोक होने, मैनहोलों, चेंबरों इत्यादि की सफाई होने से गंदा पानी घनी जनसंख्या वाली कालोनियों में ही नही बल्कि बाजारों, मुख्य मार्गो पर भी फैला रहता है। इससे न केवल संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं बल्कि समस्त वातावरण दुर्गधमय बना रहता है। ऐसा ही नजारा दादरी नगर के वार्ड एक स्थित चंपापुरी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दिखाई दे रहा है। यहां नगर के समीप लगती कुछ कालोनियों में सीवरेज लाइनें ओवरफ्लो हो चुकी हैं। जिस कारण से दूषित पानी रिहायशी कालोनियों में भरा हुआ है। इससे यहां आवागमन मुश्किल होता जा रहा है तथा बीमारियों का प्रसार हो रहा है।
वार्ड एक के पूर्व पार्षद जय¨सह लांबा ने कहा कि यहां की गलियों में गंदे पानी की निकासी के लिए एक डीजल पंप लगाया गया है। हैरानी की बात है इसमें पिछले कई दिनों से डीजल नहीं भरा जा रहा है जिससे उसके न चल पाने से दूषित जलभराव समस्या और भी गंभीर बन गई है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग लगातार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से दूषित जल भराव की समस्या के समाधान को लेकर शिकायतें कर रहे हैं लेकिन कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई जा रही है। इसे लेकर यहां के लोगों में रोष है। इस बारे वार्ड एक चंपापुरी के लोगों ने दैनिक जागरण के सामने अपनी शिकायतें रखीं। जन स्वास्थ्य विभाग उदासीन : दिनेश
दादरी नगर के वार्ड एक चंपापुरी निवासी दिनेश कुमार ने कहा कि उनकी कालोनी में दूषित पानी की निकासी को लेकर बार-बार शिकायतें करने के बाद भी स्थानीय जन स्वास्थ्य विभाग का रवैया बेहद उदासीन बना हुआ है। संक्रामक बीमारियां फैली : रमेश
रमेश कुमार के अनुसार चंपापुरी क्षेत्र की कई सड़कों में सीवरेज के दूषित पानी के जमाव से इस क्षेत्र में कई प्रकार की संक्रामक बीमारियों का तेजी से प्रसार हो रहा है। हर घर में कोई न कोई सदस्य बीमार है। आवागमन हुआ मुश्किल : सुनील
स्थानीय निवासी सुनील कुमार ने कहा कि चंपापुरी की तीन-चार मुख्य रास्तों में तो दूषित जल भराव के चलते वाहन तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है। हालात काफी गंभीर हैं। समस्त माहौल बना दुर्गधमय : रामचंद्र
चंपापुरी निवासी रामचंद्र के अनुसार सड़कों पर दूषित जल भराव के चलते समस्त माहौल दुर्गधमय बना हुआ है। हालात यह हैं घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है। चंडीगढ़ तक की है शिकायत : पार्षद
दादरी नगर परिषद के वार्ड एक की महिला पार्षद सुमन देवी ने कहा कि उन्होंने सीवरेज समस्या को लेकर स्थानीय अधिकारियों के अलावा चंडीगढ़ स्थित विभाग के मुख्यालय में भी शिकायतें दर्ज करवाई है। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। गंदे पानी की निकासी के लिए यहां लगाए गए पंप के लिए डीजल तक मुहैया न करवाना विभाग की कार्यशैली को दर्शाता है। इस मामले में जन स्वास्थ्य विभाग का रवैया पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।