घर के सामने कार में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
बाढड़ा उपमंडल के गांव नांधा निवासी एक युवक का शव उसकी ही कार
संवाद सहयोगी, बाढड़ा : बाढड़ा उपमंडल के गांव नांधा निवासी एक युवक का शव उसकी ही कार में घर के सामने बरामद हुआ है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआइ में करवाया जाएगा। गांव नांधा निवासी महिला किरण ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार सुबह गांव का ही विक्रम उनके घर आया और उसके पति सुनील कुमार को कहीं बाहर चलने के लिए कहा। सुनील व विक्रम उनकी ही आल्टो कार में कहीं चले गए। दोपहर करीब 12 बजे विक्रम उनकी कार को चलाकर उनके घर के सामने ले आया। किरण ने बताया कि जब उसने देखा तो उसका पति कार की अगली सीट पर था तथा विक्रम बिना कुछ बताए वहां से फरार हो गया। जब उसने देखा तो सुनील कार में अचेत अवस्था में था। जिसके बाद उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे तथा सुनील को उपचार के लिए बाढड़ा के निजी अस्पताल में ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार शाम को शव को दादरी के सरकारी अस्पताल में लाया गया। घटना की जानकारी पाकर बाढड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची। किरण ने आरोप लगाया कि विक्रम ने ही उसके पति की हत्या की है। इस वारदात में और लोग भी शामिल हो सकते हैं। बाढड़ा पुलिस ने एक नामजद युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार सुबह परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआइ में करवाने की बात कही। जिसके बाद शव रोहतक पीजीआइ ले जाया गया। करीब 26 वर्षीय सुनील कुमार खेतीबाड़ी करता था। बाक्स :
गंभीरता से जांच जारी : एसएचओ
बाढड़ा थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर एक युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी निरीक्षण के लिए बुलाया है। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान दिखाई नहीं दे रहे।