दादरी नहीं दिल्ली से वाया रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, लोहारू से हिसार तक चलेगी ट्रेन
- सांसद धर्मबीर ¨सह ने की पुष्टि जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल
- सांसद धर्मबीर ¨सह ने की पुष्टि
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल द्वारा भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर ¨सह को लिखा एक पत्र इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है। जिसमें केंद्रीय रेल मंत्री ने लिखा है कि सांसद धर्मबीर ¨सह के पत्र को ध्यान में रखते हुए दिल्ली व रेवाड़ी के बीच चलने वाली पैसेंजर रेल नंबर 54309 व 54310 का रूट रेवाड़ी से बढ़ा कर हिसार तक कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे इस पत्र से दादरी क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब दादरी का देश की राजधानी से रेलमार्ग से जुड़ाव हो जाएगा। लेकिन यह ट्रेन रेवाड़ी से हिसार का सफर वाया दादरी व भिवानी तय नहीं करेगी। बल्कि यह ट्रेन रेवाड़ी से वाया महेंद्रगढ़, लोहारू, राजगढ़, सिवानी होते हुए हिसार पहुंचेगी। इस बात की पुष्टि खुद सांसद धर्मबीर ¨सह ने की है।
सांसद धर्मबीर ¨सह ने बताया कि वाया भिवानी, चरखी दादरी होते हुए दिल्ली तक सीधी रेल चलाने की मांग को लेकर वे कई बार रेल मंत्री से मिल चुके है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि जल्द ही चरखी दादरी होते हुए भी दिल्ली तक सीधी ट्रेन चलवाई जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों को भी एक बार फिर से दादरी से सीधा दिल्ली के लिए ट्रेन चलने की उम्मीद हुई है।
बाक्स :
ढाई दशक पहले चलती थी हरियाणा एक्सप्रेस
उल्लेखनीय है कि करीब ढाई दशक पहले तक चरखी दादरी से सीधे दिल्ली तक हरियाणा एक्सप्रेस ट्रेन चलती थी। यह ट्रेन हर रोज हिसार से शुरू होकर भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी होते हुए दिल्ली तक जाती थी। उसी दिन यह ट्रेन इसी रूट से वापिस आती थी। हर रोज हजारों की संख्या में यात्री इस ट्रेन में सवार होकर दिल्ली तक की यात्रा करते थे। हालांकि यह ट्रेन मीटर गेज लाइन पर चलती थी। उसके बाद इस रेल ट्रैक को ब्रोड गेज में तब्दील कर दिया गया। जिसके बाद से हरियाणा एक्सप्रेस ट्रेन का इस रूट पर संचालन बंद हो गया था।
बाक्स :
यात्रियों को होगा फायदा
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि हरियाणा एक्सप्रेस ट्रेन का इस रूट पर संचालन बंद होने के बाद से ही यहां पर दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग की जा रही है। इसी मांग को लेकर पिछले दिनों दादरी के विधायक राजदीप फौगाट ने भी केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात की थी। दादरी व आसपास के क्षेत्र के हर रोज काफी संख्या में लोग हर रोज दिल्ली तक का सफर तय करते है। लेकिन सीधी ट्रेन न होने के कारण लोगों को रोडवेज या फिर निजी वाहनों में सवार होकर अपना सफर तय करना पड़ता है। यदि यहां से दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा शुरू हो जाती है तो लोगों को आर्थिक फायदे के साथ ही समय की बचत भी होगी।
बाक्स :
मिल चुका हूं रेलमंत्री से : सांसद
भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र से लोकसभा सदस्य धर्मबीर ¨सह ने बताया कि अभी जिस ट्रेन का हिसार विस्तार किया गया है, वह ट्रेन रेवाड़ी से वाया महेंद्रगढ़, लोहारू होते हुए हिसार तक जाएगी। लेकिन भिवानी से चरखी दादरी होते हुए सीधे दिल्ली तक रेल चलाने के लिए वे तीन-चार बार रेलमंत्री से मिल चुके है। उन्होंने बताया कि उनकी पूरी कोशिश है कि पूर्व में चलने वाली हरियाणा एक्सप्रेस को ही दोबारा से इस रूट पर चलाया जाए।