विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिजली चोरी रोकने के लिए निगम सख्त, दो माह में पकड़े 500 मामले, 81 लाख किया जुर्माना

By JagranEdited By:
Published: Tue, 30 Nov 2021 06:57 PM (IST)

जागरण संवाददाता चरखी दादरी बिजली चोरी रोकने तथा लाइन लास को खत्म करने के लिए इन दिनों ि

बिजली चोरी रोकने के लिए निगम सख्त, दो माह में पकड़े 500 मामले, 81 लाख किया जुर्माना
बिजली चोरी रोकने के लिए निगम सख्त, दो माह में पकड़े 500 मामले, 81 लाख किया जुर्माना

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : बिजली चोरी रोकने तथा लाइन लास को खत्म करने के लिए इन दिनों बिजली निगम पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। बिजली निगम की ओर से पिछले दो महीने के दौरान दादरी जिले में चोरी के 500 मामले पकड़े जा चुके हैं। निगम की ओर से इन मामलों में संबंधित लोगों पर 80 लाख 99 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही अभी तक विभाग द्वारा इन मामलों में 40 लाख 85 हजार रुपये की रिकवरी भी की जा चुकी है। हैरानी की बात ये है कि विभाग द्वारा पकड़े गए चोरी के इन मामलों में 484 कनेक्शन घरेलू सप्लाई से जुड़े हैं। वहीं गैर-घरेलू सप्लाई के महज 11 मामले हैं। ऐसे में कहा जा सकता है कि व्यावसायिक के बजाय घरेलू उपभोक्तओं द्वारा बिजली की अधिक चोरी की जा रही है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में बिजली निगम द्वारा बिजली चोरी रोकने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाया था। इस अभियान के दौरान भी दादरी जिले में बिजली चोरी के दर्जनों मामले पकड़े गए थे। नवंबर में कम हुई रफ्तार

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली निगम द्वारा अक्टूबर माह में दादरी सिटी सहित जिले में स्थित आधा दर्जन सब डिविजन के अंतर्गत चोरी के 335 मामले पकड़े थे। इन मामलों में 53 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। लेकिन नवंबर माह में यह रफ्तार काफी कम हो गई। निगम द्वारा नवंबर माह में चोरी के महज 165 मामले पकड़े। जिन पर 27 लाख 19 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। सांजरवास में सबसे अधिक, अटेला में सबसे कम मामले

अक्टूबर व नवंबर माह में बिजली निगम की टीमों द्वारा सांजरवास सब डिविजन के अंतर्गत चोरी के सबसे अधिक मामले पकड़े गए। निगम द्वारा सांजरवास क्षेत्र में चोरी के 122 मामले पकड़े। वहीं अटेला कलां सब डिविजन में यह संख्या महज 33 रही। इसके अलावा दादरी सिटी सब डिविजन में चोरी के 119, दादरी सब अर्बन में 82, झोझू कलां में 76 तथा बाढड़ा सब डिविजन में चोरी के 68 मामले पकड़े गए हैं। शहर में भी खूब हो रही बिजली चोरी

बिजली निगम द्वारा दो माह के दौरान दादरी शहर में बिजली चोरी के 119 मामले पकड़े हैं। इन मामलों में निगम द्वारा करीब 27 लाख 88 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही 11.17 लाख रुपये की रिकवरी भी की जा चुकी है। लेकिन जिस प्रकार से दो माह के दौरान दादरी शहर में चोरी के मामले सामने आए हैं, उससे साफ है कि दादरी शहर में भी बिजली की खूब चोरी हो रही है। भविष्य में जोर-शोर से चलेगा अभियान : यादव

दादरी बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता सचिन यादव ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जा रहे हैं। भविष्य में और अधिक जोर-शोर से अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ता किसी भी सूरत में बिजली चोरी न करें। यादव ने कहा कि डिफाल्टर उपभोक्ताओं से भी बिल रिकवरी का अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में डिफाल्टर उपभोक्ता भी जल्द से जल्द बिल का भुगतान करें।