डूडीवाला गांव से शुरू हुई कांग्रेस की पदयात्रा, सरकार की नीतियों को बताया जन विरोधी
जागरण संवाददाता चरखी दादरी कांग्रेस केवल एक राजनैतिक दल नहीं एक विचारधारा भी है
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
कांग्रेस केवल एक राजनैतिक दल नहीं, एक विचारधारा भी है, जो समाज को जोड़ने का काम करती है। इस विचारधारा को कोई खत्म नहीं कर सकता। भाजपा ने हमेशा ही अंग्रेजों की नीतियों का अनुसरण करते हुए लोगों में आपसी फूट डालने का काम किया है। जब प्रदेश में भाजपा ने जातिवाद की आग को भड़काया, उस समय कांग्रेस पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं ने भाईचारा संदेश पद यात्रा निकाली और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा दिया। यह बात हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजीत फौगाट ने रविवार को गांव डूडीवाला से शुरू पदयात्रा के तहत भाजपा सरकार पर हल्ला बोलते हुए कही। उनकी यह पदयात्रा जनता के हकों की आवाज को बुलंद करते हुए दादरी में लघु सचिवालय तक जाएगी। पदयात्रा शुरू होने से पूर्व गांव डूडीवाला किशनपुरा की ब्राह्मण धर्मशाला में उपस्थित लोगों ने अजीत फौगाट को भगवान परशुराम स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। पदयात्रा से पूर्व सभी ने एक मिनट का मौन धारण कर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक भी जताया। पदयात्रा में स्व. सुरेन्द्र सिंह के करीबी और कांग्रेस प्रदेश महासचिव कुलताज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार दादरी क्षेत्र के किसानों को निशाना बनाकर औने-पौने दामों में उनकी कीमती जमीनों को लेना चाहती है। जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
--------
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र चौहान, सुरेश पूनिया, महिला विग की जिलाध्यक्ष सत्या पहल, युवा जिला उपाध्यक्ष हैप्पी सांगवान, दिनेश यादव, पर्यावरण सेल जिला उपाध्यक्ष विनोद फौगाट, सरपंच राजेश, पूर्व सरपंच राजेश, अत्तर सिंह प्रधान, सरपंच बसेसर शर्मा, मदन डोहका, जगमाल डोहका, संजय नंबरदार, प्रवीन शर्मा, संजय सांगवान, सुनील कुमार, बलवान चिड़िया, नवनीत इमलोटा, रविन्द्र कटारिया, नरेन्द्र शर्मा मानकावास, हरिओम शर्मा, कृष्ण सांतौर, धर्मबीर गहलावत, सुखबीर निमली, जगमोहन, पवन, रविन्द्र अटेला, प्रदीप कुमार भी मौजूद थे।