बंसीलाल के गढ़ भी बह गए मोदी लहर में
जागरण संवाददाता भिवानी भिवानी-महेंद्रगढ़ की जनता ने इस बार चौंकाने वाले रिजल्ट दिए हैं।
जागरण संवाददाता, भिवानी : भिवानी-महेंद्रगढ़ की जनता ने इस बार चौंकाने वाले रिजल्ट दिए हैं। 2014 की लहर में जहां पिछली बार भिवानी व दादरी जिले में कांग्रेस प्रत्याशी श्रुति चौधरी ने सर्वाधिक वोट हासिल किए थे, इनेलो प्रत्याशी राव बहादुर सिंह भी मामूली अंतर के साथ थे। धर्मबीर सिंह उस चुनाव में बाढड़ा, लोहारू व तोशाम से हार गए थे। लेकिन इस बार भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह का विरोध भी मोदी की लहर में गायब हो गया और उन्होंने पिछली बार 1 लाख 29 हजार वोटों की जीत को नए रिकार्ड में तब्दील करते हुए साढ़े चार लाख मत हासिल कर लिए। इसका अंदाजा तो खुद धर्मबीर सिंह को भी नहीं था। वे खुद 2 लाख 76 हजार से जीतने की बात तो कह रहे थे पर इतनी बड़ी जीत होगी, यह तो वे भी नहीं सोच पा रहे थे। तोशाम से श्रुति हार कांग्रेस की बड़ी मार
2014 के लोकसभा चुनाव में श्रुति चौधरी को तोशाम हलके से बड़ी लीड मिली थी, लेकिन इस बार बंसीलाल के गढ़ माने जाने वाले तोशाम हलके से भी हार का मुंह देखना पड़ा है। यह कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। 2014 के चुनाव में श्रुति चौधरी को 2 लाख 75 हजार वोट मिले थे। लेकिन इस बार 16 वें राउंड तक उन्हें 2 लाख 65 हजार 872 वोट मिल पाए हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप