विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चरखी-दादरी के 8 गांवों वालों के लिए अच्छी खबर, 5 करोड़ से बना पावर सब स्टेशन शुरू; बिजली संकट होगा दूर

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:33 PM (IST)

चरखी दादरी के गोठड़ा में 5 करोड़ की लागत से बना 33 केवी पावर सब स्टेशन शुरू हो गया है। इससे गोठड़ा सहित आठ गांवों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी और लो-वोल्टेज की समस्या खत्म होगी।

गोठड़ा का 33 केवी पावर सब स्टेशन शुरू। (सांकेतिक फोटो)

गोठड़ा का 33 केवी पावर सब स्टेशन शुरू। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. गोठड़ा में बना 3 केवी सब स्टेशन शुरू।

  2. लो-वोल्टेज व ओवरलोड समस्या होगी कम।

  3. 2022 में सब स्टेशन निर्माण को मिली थी मंजूरी।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। तीन साल से अधिक समय से निर्माणाधीन गोठड़ा का 33 केवी पावर सब स्टेशन आखिरकार शुरू हो गया है। सब स्टेशन से चार 11 केवी फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।

करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सब स्टेशन के चालू होने से गोठड़ा सहित आसपास के करीब आठ गांवों के ग्रामीणों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद जगी है। खासकर लंबे समय से लो-वोल्टेज और बार-बार पावर कट होने की समस्या से जूझ रहे कृषि व घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

दरअसल, क्षेत्र में बढ़ती बिजली की मांग और मौजूदा सब स्टेशनों पर बढ़ते लोड को देखते हुए गोठड़ा में नया बिजली घर बनाने की योजना तैयार की गई थी। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022 में इसके निर्माण को मंजूरी दी थी। इसके लिए करीब पांच करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया था।

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने तीन नवंबर 2023 को निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया था। शर्तों के अनुसार एक साल में काम पूरा होना था, लेकिन निर्धारित समय सीमा निकलने के बाद भी सब स्टेशन चालू नहीं हो पाया।

अब कार्य पूरा होने के बाद सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इससे क्षेत्र के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हुआ है।

इन गांवों को होगा फायदा

नए सब स्टेशन को 132 केवी पावर सब स्टेशन मकड़ाना से बिजली मिलेगी। इससे गोठड़ा, संतोखपुरा, मकड़ाना, महराणा, पातुवास, खेड़ी सनसनवाल, टिकान कलां और ढाणी फोगाट सहित आसपास के गांवों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा समसपुर गांव को भी इससे जोड़ने का प्रस्ताव है। फसल कटाई के बाद समसपुर तक बिजली लाइन बिछाने की योजना है।

नया सब स्टेशन शुरू होने से घसौला और मकड़ाना के बिजली घरों पर पड़ने वाला अतिरिक्त लोड भी कम होगा। गर्मियों में अधिक बिजली खपत और सर्दियों में कृषि कार्यों के दौरान ओवरलोडिंग की आशंका भी पहले से कम रहेगी।

11,170 ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति

जिले में बिजली आपूर्ति के लिए 11,170 ट्रांसफार्मर और 90 फीडर कार्यरत हैं। लगातार बढ़ती बिजली खपत के कारण मौजूदा नेटवर्क पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में गोठड़ा में 33 केवी सब स्टेशन शुरू होना क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। चार 11 केवी फीडरों से आपूर्ति शुरू होने के बाद भविष्य में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त फीडर निकालने की भी योजना है।

समसपुर तक बिछेगी बिजली लाइन

एचवीपीएनएल के जेई राकेश बलौदा के अनुसार गोठड़ा सब स्टेशन को मकड़ाना स्थित 132 केवी सब स्टेशन से फीड किया जाएगा। इससे आसपास के गांवों में लो-वोल्टेज, लाइन लास और ब्रेकडाउन की समस्या कम होगी।

समसपुर गांव को भी इस सब स्टेशन से जोड़ने का प्रस्ताव है। फसल कटने के बाद वहां तक लाइन बिछाई जाएगी। नए सब स्टेशन के चालू होने से मकड़ाना और चरखी दादरी के बिजली घरों पर अतिरिक्त लोड कम होगा और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।