विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चरखी दादरी में फंदा लगाकर युवक ने दी जान, पुलिस ने खिड़की तोड़ कमरे से बाहर निकाला शव

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:14 PM (IST)

चरखी दादरी के बलकरा गांव में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खिड़की तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

चरखी दादरी के बलकरा गांव में युवक ने फांसी लगाकर दी जान।

चरखी दादरी के बलकरा गांव में युवक ने फांसी लगाकर दी जान।

HighLights

  1. बलकरा गांव में युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाई

  2. पुलिस ने खिड़की तोड़कर शव को फंदे से उतारा

  3. पिता के अनुसार, युवक शराब का आदी था

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के गांव बलकरा में वीरवार देर शाम एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगा लिया। सूचना मिलने पर डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और खिड़की तोड़कर उसे फंदे से उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बाद में सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण के बाद शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया। जहां कागजी कार्यवाही के बाद शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पहचान बलकरा निवासी करीब 26 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है।

स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार मोहित शादीशुदा था और वह तीन व पांच साल के दो लड़कों का पिता था। वह गाजियाबाद में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और बीवी बच्चों सहित वहां पर ही रहता था। बीते करीब एक माह से वह अपने गांव आया हुआ था।

जहां वीरवार देर शाम उसने घर पर बने कमरे के अंदर ही कुंडी लगाकर फांसी का फंदा लगा लिया। स्वजनों ने खिड़की से देखा तो वह रस्सी से फंदे पर लटक रहा था। घटना की जानकारी डायल-112 पर काल कर दी। जिसके बाद ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और कमरे की खिड़की तोड़कर उसे नीचे उतारा। बाद में चिड़िया चौकी और सीन ऑफ क्राइम टीमें भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच अधिकारी एचसी राजवीर ने बताया कि मामले में मृतक के पिता तेजराम के बयान दर्ज किए गए हैं। उसने बताया कि मोहित शराब पीने का आदी था और शराब के नशे में ही उसने फांसी लगाई है। पुलिस ने बयानों के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।