आपात स्थिति में मदद के लिए अब नहीं भटकना पड़ेगा, मोबाइल में डाउनलोड करें 112 इंडिया एप; चरखी दादरी के एसपी ने दी जानकारी
चरखी दादरी के एसपी लोकेश कुमार पी ने आपातकालीन सेवाओं के लिए 112 इंडिया ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। यह ऐप पुलिस, फायर, मेडिकल सहित 16 प्रकार की सहायता प्रदान करता है, जिससे आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।

इमरजेंसी में तुरंत मिलेगी मदद (जागरण आर्काइव)
HighLights
112 इंडिया ऐप 16 आपातकालीन सेवाएं प्रदान करता है
एसपी लोकेश कुमार पी ने ऐप डाउनलोड करने की अपील की
एसओएस अलर्ट, साइलेंट कम्युनिकेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं
जागरण संवाददाता,चरखी दादरी। आपात स्थिति में पुलिस या अन्य सहायता के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब एक मोबाइल ऐप के जरिए पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित 16 प्रकार की आपातकालीन सुविधाओं का लाभ लिया जा सकेगा।
इसके लिए चरखी दादरी के पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार पी ने आमजन से अपने स्मार्टफोन में भारत सरकार के 112 इंडिया ऐप को डाउनलोड करने की अपील की है।
एसपी ने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो और हरियाणा पुलिस के निर्देशानुसार इस ऐप के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। यह ऐप एंड्रायड और आईओएस दोनों प्लेटफार्म पर उपलब्ध है और आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली ईआरएसएस-112 का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इसके माध्यम से पुलिस, अग्निशमन, चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, रेलवे, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी आपातकालीन सेवाओं के लिए मदद मांगी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि ऐप में एसओएस काल एवं अलर्ट, लोकेशन शेयरिंग, इमरजेंसी कान्टेक्ट, साइलेंट कम्युनिकेशन, ट्रैकमी ट्रिप मानिटरिंग, शाउट अलर्ट, क्विक काल और रियल टाइम रिक्वेस्ट स्टेटस सहित 16 महत्वपूर्ण सुविधाएं दी गई हैं।
इसकी खासियत यह है कि आपात स्थिति में एसओएस अलर्ट भेजने पर संबंधित व्यक्ति की लोकेशन और जरूरी जानकारी इमरजेंसी कंट्रोल रूम तक पहुंच सकती है। वहीं, साइलेंट कम्युनिकेशन सुविधा के जरिए बिना आवाज किए भी मदद मांगी जा सकती है।
एसपी ने की अपील
एसपी ने महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, अकेले यात्रा करने वाले लोगों और विद्यार्थियों से विशेष रूप से इस ऐप को डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से थानों, चौकियों, स्कूलों, कालेजों, अस्पतालों, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर क्यूआर कोड और डाउनलोड लिंक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा पुलिसकर्मियों को भी अपने परिवार और आसपास के लोगों को ऐप की सुविधाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी लोकेश कुमार पी ने कहा कि आपात स्थिति में समय पर सहायता मिलना बेहद जरूरी है।
ऐसे में तकनीक का इस्तेमाल लोगों की सुरक्षा को और मजबूत बना सकता है। प्रत्येक नागरिक अपने मोबाइल में 112 इंडिया ऐप डाउनलोड करे और अपने परिजनों को भी इसकी जानकारी दे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।