विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धुंध में 'काल' बन सकते हैं हाईवे पर खड़े भारी वाहन, चरखी दादरी के 3 NH पर लगी ट्रकों की कतारें; पुलिस ने दी चेतावनी

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:06 PM (IST)

चरखी दादरी जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहन राहगीरों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बन रहे हैं, खासकर कोहरे में।

नेशनल हाईवे पर खड़े वाहन बन रहे हादसों का कारण।

नेशनल हाईवे पर खड़े वाहन बन रहे हादसों का कारण।

HighLights

  1. चरखी दादरी हाईवे पर अवैध पार्किंग से बढ़ रहा हादसों का खतरा।

  2. सर्दी में कोहरे के दौरान सड़क किनारे खड़े वाहन जानलेवा।

  3. यातायात पुलिस ने अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहन राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। नेशनल हाईवे 334बी, 152डी और 148बी पर कई स्थानों पर ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की कतारें लगी रहती हैं।

चालक अपने वाहनों को घंटों तक सड़क किनारे खड़ा रखते हैं। जो तेज रफ्तार से गुजरने वाले दूसरे वाहनों के लिए हादसों का खतरा बनते है। खासकर सर्दी के मौसम में धुंध के दौरान ये वाहन बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

नियमों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित पार्किंग स्थल के अलावा वाहन खड़ा करना यातायात नियमों का उल्लंघन है। इसके बावजूद तीनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर इस तरह की अवैध पार्किंग पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

हैरानी की बात यह है कि एनएचआई की ओर से भी इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठता नजर नहीं आ रहा। संबंधित विभागों की अनदेखी के चलते वाहन चालक मनमाने ढंग से सड़क किनारे ट्रक खड़े कर रहे हैं।

धुंध में बढ़ जाता है हादसों का खतरा

सर्दी के मौसम में सुबह और रात के समय धुंध छाने से दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में सड़क किनारे खड़े ट्रक दूर से दिखाई नहीं देते। पीछे से तेज गति में आने वाले वाहन इनके पिछले हिस्से से टकरा सकते हैं।

कई बार सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण दूसरे वाहन चालकों को अचानक अपना रास्ता बदलना पड़ता है, जिससे टक्कर होने की आशंका बनी रहती है। तीनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।

पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

यातायात पुलिस प्रभारी देवेंद्र सिंह ने नेशनल हाईवे 152डी का जायजा लिया। इस दौरान हाईवे पर चार वाहन खड़े मिले। उन्होंने एनएचएआइ के एसडीओ से बातचीत कर सड़क किनारे वाहन खड़े होने की समस्या पर कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन खड़ा करना नियमों की अवहेलना है। धुंध के दौरान इससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। हाईवे पर वाहन खड़ा मिला तो उसका चालान करने के साथ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।