फौजी की पत्नी को घर से घसीटते हुए गली में लाकर पीटा
सिवानी में फौजी की पत्नी को नाली के पानी को लेकर हुए झगड़े में
जागरण संवाददाता, भिवानी : सिवानी में फौजी की पत्नी को नाली के पानी को लेकर हुए झगड़े में चार लोग पहले तो घसीटते हुए गली में लेकर आए। वहीं, बाद में महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घायल महिला को उपचार के लिए चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसका उपचार आरंभ कर दिया। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी है।
सिवानी निवासी सुनीता देवी ने बताया कि उसके पति ओमप्रकाश बीएसएफ में एएसआइ हैं। उनकी ड्यूटी सांभा सेक्टर जम्मू में लगी हुई है और उसके बच्चे भी बाहर गए हुए थे। इसलिए वह घर पर अकेली थी। इसका फायदा उठाकर पड़ोस का ही एक युवक उसके घर में घुस आया और हाथापाई की। बाद में वह सुनीता को घसीटता हुआ गली में ले गया। इसी दौरान उक्त युवक के पिता, मां व बहन भी वहां आ गए। चारों ने मिलकर सुनीता के साथ मारपीट की। आरोप लगाया कि उक्त लोग उसे मृत समझकर वहां से चले गए। उनके जाने के बाद जब सुनीता को होश आया तो वह अपने घर गई और इसकी सूचना परिवार वालों को दी। उसे उपचार के लिए सिवानी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी के चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही घायल के बयान दर्ज कर लिए।
घटना की ये है वजह
सुनीता ने बताया कि झगड़े का मुख्य कारण नाली का पानी है। उनका नाली का पानी गली में जाता है। गली में उक्त लोगों ने ईंट-पत्थर डाल दिए। जिससे उनकी गली व नाली रोक दी। इसके लिए कहने पर उक्त लोग झगड़े को उतारू हो जाते हैं। इसी बात को लेकर ही उक्त लोगों ने घर में घुसकर हमला किया है।