भिवानी में सड़क किनारे मिले बुजुर्ग दंपती के शव, जहरीले पदार्थ की पुड़िया बरामद; 3 दिन से थे लापता
बहल के झुंपा गांव के पास नांगल रोड पर एक बुजुर्ग दंपती रोहतास और धनपति के शव मिले हैं। घटनास्थल से जहरीले पदार्थ की पुड़िया बरामद हुई है।
-1795361833378_m.webp)
सड़क किनारे मिले बुजुर्ग दंपती के शव। फाइल फोटो
HighLights
झुंपा गांव के पास बुजुर्ग दंपती के शव मिले
घटनास्थल से जहरीले पदार्थ की एक पुड़िया बरामद हुई
पुलिस मामले की आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है
संवाद सहयोगी, बहल। जिले के गांव झुंपा के पास नांगल रोड पर शनिवार देर शाम सड़क किनारे बुजुर्ग दंपती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान गांव नूनसर (बहल) निवासी रोहतास (70) और उनकी पत्नी धनपति (67) के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को जहरीले पदार्थ की एक पुड़िया भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग दंपती पिछले तीन दिनों से लापता थे। वे घर से बहल में खरीदारी करने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं आए। सड़क किनारे दोनों के शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
आधार कार्ड के माध्यम से मृतकों की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार मृतकों के बेटे मंजीत ने बताया कि उसके माता-पिता पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। उसके पिता रोहतास के दिल में दो स्टेंट डाले गए थे, जबकि मां धनपति भी बीमार रहती थीं।
डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दंपती दो दिन पहले खरीदारी के लिए घर से निकले थे। चौकी इंचार्ज अमित कुमार के अनुसार घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया था। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
पुलिस ने दोनों शवों का रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही बुजुर्ग दंपती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।