भाजपा-जजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है : सैलजा
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा-ज
जागरण संवाददाता, भिवानी : हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। यह सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। यही कारण है कि सरकार में शामिल मंत्रियों को जनता के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मंत्रियों को गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने में दिक्कत आ रही है। यह डरी हुई सरकार है। सरकार के मंत्रियों की लोगों के सामने जाने की हिम्मत नहीं हो रही है। किसान ट्रैक्टर मार्च निकालकर गणतंत्र दिवस मनाना चाहते हैं, यह किसानों का अधिकार है। वह कितलाना टोल प्लाजा पर किसानों के धरने पर पहुंच कर बोल रही थीं।
उन्होंने कहा कि आजादी के समय बाहरी हुकूमतों से लड़ाई लड़ी गई थी और आज के दिन किसान एक नया आंदोलन छेड़े हुए हैं। कृषि विरोधी काले कानून लाकर इस आंदोलन की शुरुआत भाजपा सरकार ने करवाई है। अपने हकों के लिए इस भीषण ठंड में हमारे किसान और मजदूर सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ चुनिदा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के कारण भाजपा सरकार कृषि विरोधी काले कानूनों को रद नहीं करना चाहती है। पूंजीपतियों के हितों के आगे भाजपा सरकार को कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। यह बेहद ही दुखद है कि आज देश के अन्नदाताओं को सड़कों पर उतरकर अपने हितों की लड़ाई लड़नी पड़ रही है। अन्नदाताओं के इस संघर्ष में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी हुई है।
धरने पर नरसिंह डीपीई, बलवंत नंबरदार, गंगाराम श्योराण, रणधीर घिकाड़ा, सूरजभान सांगवान, रणबीर फौजी, राज सिंह धनाना, रणधीर कुंगड़, राजू मान, राकेश आर्य, मास्टर राज सिंह ने संयुक्त अध्यक्षता की। इस अवसर पर पूर्व विधायक रणबीर सिंह महेंद्रा, पूर्व विधायक नृपेंद्र सांगवान, हरियाणा कांग्रेस महासचिव डा. अजय चौधरी, हरियाणा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग, पवन बुवानीवाला, कृष्ण सातरोड, आनंद जाखड़, भूपेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र छपार, खजान सिंह सांगवान, अमन डालावास, सतीश बंधु, प्रेम अचीना, बलजीत फौगाट, डा. ओमप्रकाश, सुंदर पहलवान, नरेश तंवर, रवि कामरेड, रोहताश मिताथल, सत्या लेघा, मुकेश पहाड़ी, जीतू चरखी सुखदेव इत्यादि मौजूद रहे।