तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
दादरी-लोहारू मुख्यमार्ग पर गांव भैरवी के समीप बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
दादरी-लोहारू मुख्यमार्ग पर गांव भैरवी के समीप बीती रात अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक युवक जयभगवान दादरी जिले के गांव भागवी का रहने वाला था। शव का पोस्टमार्टम दादरी के सरकारी अस्पताल में करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार गांव भागवी निवासी करीब 37 वर्षीय जयभगवान केबल नेटवर्क की छतरी लगाने का काम करता था। बीती रात वह दादरी-लोहारू रोड पर लोहारू की तरफ से दादरी आ रहा था। इस दौरान गांव भैरवी के समीप किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने उसे संभाला तथा उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में लेकर आए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर उसके परिजन व पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतक जयभगवान के चचेरे भाई सत्यपाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से उसके भाई की मौत हुई है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम दादरी के सरकारी अस्पताल में करवाया गया।