25 हजार प्रॉपर्टी आईडी पर लगेगा डिजिटल ताला, एक PID लॉक करने को 2 बार देना होगा OTP; जानें पूरी प्रक्रिया
भिवानी शहर में 25,000 प्रॉपर्टी आईडी के सत्यापन और उन्हें लॉक करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। संपत्ति मालिकों को नगर परिषद कार्यालय में ओटीपी के माध्यम से अपनी आईडी प्रमाणित करवानी होगी।
-1795947531073_m.webp)
25 हजार प्रॉपर्टी आईडी पर लगेगा डिजिटल ताला।
HighLights
भिवानी में 25,000 प्रॉपर्टी आईडी लॉक करने का लक्ष्य
सत्यापन के लिए पंजीकृत मोबाइल पर दो बार ओटीपी
रिकॉर्ड दुरुस्त करने और पारदर्शिता लाने का उद्देश्य
नवनीत शर्मा, भिवानी। शहर में प्रॉपर्टी आईडी के सत्यापन और उन्हें लाक करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। नगर परिषद की ओर से शहर के सभी 31 वार्डों में करीब 25 हजार प्रॉपर्टी आईडी को सत्यापित कर लाक करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए नगर परिषद कार्यालय में विशेष कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जो संपत्ति मालिकों की पीआईडी लाक करने का काम कर रहे हैं। इस प्रक्रिया के लिए संपत्ति मालिकों को नगर परिषद कार्यालय में बुलाया जा रहा है। वे किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय पहुंचकर अपनी प्रॉपर्टी आईडी लाक करवा सकते हैं।
पीआईडी लाक करने के लिए संबंधित संपत्ति मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर दो बार ओटीपी भेजा जा रहा है। दोनों बार ओटीपी की पुष्टि होने के बाद ही लाक करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। नगर परिषद का उद्देश्य संपत्तियों के रिकॉर्ड को दुरुस्त करना और पोर्टल पर दर्ज विवरण को संपत्ति मालिकों से प्रमाणित करवाना है। इससे भविष्य में प्रॉपर्टी आईडी और संपत्ति कर से जुड़ी गलतियों को दूर करने में भी मदद मिलेगी।
31 वार्डों की 25 हजार पीआईडी का होगा सत्यापन
नगर परिषद की ओर से शहर के सभी 31 वार्डों में दर्ज प्रॉपर्टी आईडी को अभियान में शामिल किया गया है। करीब 25 हजार पीआईडी लाक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए कार्यालय में अलग से कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संपत्ति मालिक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी कार्यदिवस में नगर परिषद कार्यालय पहुंच सकते हैं। वहां नियुक्त कर्मचारी उनकी प्रॉपर्टी आईडी का विवरण जांचने के बाद ओटीपी के माध्यम से लाक करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
एक पीआईडी लाक करने के लिए दो बार आएगा ओटीपी
प्रॉपर्टी आईडी लाक करने की प्रक्रिया में संपत्ति मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर की अहम भूमिका है। एक पीआईडी को लाक करने के लिए दो बार ओटीपी लिया जा रहा है।
दोनों ओटीपी उसी मोबाइल नंबर पर प्राप्त होंगे, जो संबंधित प्रॉपर्टी आईडी में दर्ज है। इसलिए संपत्ति मालिकों को कार्यालय पहुंचते समय अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर साथ रखना होगा, ताकि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
पोर्टल पर खुद भी जांच सकते हैं संपत्ति का विवरण
हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से प्रॉपर्टी आईडी के सत्यापन के लिए आनलाइन सुविधा भी दी गई है। संपत्ति मालिक property.ulbharyana.gov.in पोर्टल पर जाकर सिटीजन विकल्प के माध्यम से लागिन कर सकते हैं। इसके बाद सर्च प्रॉपर्टी विकल्प में नगर परिषद का चयन कर पीआईडी, मालिक का नाम, मोबाइल नंबर या कालोनी और प्लाट नंबर के आधार पर अपनी संपत्ति का विवरण देख सकते हैं।
नाम, पता और क्षेत्रफल की जांच करना जरूरी
पोर्टल पर संपत्ति का विवरण खुलने के बाद मालिक का नाम, पिता का नाम, पता, क्षेत्रफल, आवासीय या व्यावसायिक श्रेणी और प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित जानकारी जांची जा सकती है। यदि सभी जानकारियां सही हैं तो संपत्ति मालिक सेल्फ वेरिफिकेशन यानी स्व-प्रमाणीकरण कर सकते हैं।
वहीं, नाम, पता या क्षेत्रफल समेत किसी भी जानकारी में गलती मिलने पर बिना जांचे पीआईडी प्रमाणित नहीं करनी चाहिए। पोर्टल पर अपडेट डिटेल्स और रेज आब्जेक्शन के विकल्प के माध्यम से सुधार के लिए आपत्ति भी दर्ज करवाई जा सकती है।
शहर की सभी 31 वार्डों की करीब 25 हजार प्रॉपर्टी आईडी को लाक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कार्यालय में विशेष कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। संपत्ति मालिक किसी भी कार्यदिवस में पहुंचकर अपनी पीआईडी लाक करवा सकते हैं। प्रक्रिया में पंजीकृत मोबाइल नंबर पर दो बार ओटीपी लेकर सत्यापन किया जा रहा है। - हरबीर सिंह, जिला नगर आयुक्त, भिवानी।
प्रॉपर्टी आईडी लाक होने से शहर की संपत्तियों का रिकॉर्ड अधिक व्यवस्थित और प्रमाणित हो सकेगा। इससे मालिकाना विवरण, संपत्ति के क्षेत्रफल और प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी गलतियों को सुधारने में मदद मिलेगी। भविष्य में संपत्ति से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता आएगी और लोगों को बार-बार रिकॉर्ड ठीक करवाने की परेशानी से भी राहत मिल सकेगी। - भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।